Weather Forecast April: अप्रैल महीने में ही उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों में गर्मी और लू की तपिश तेज होने लगी है। दिल्ली-NCR में पिछले महीने से ही भीषण गर्मी का सितम जारी है। लोगों को अप्रैल में ही मई-जून की गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी और सताएगी।
इस बीच, मौसम विभाग ने 12 अप्रैल तक कुछ राज्यों में भीषण गर्मी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में भीषण गर्मी पड़ने की भविष्यवाणी की है।
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी के अनुसार, राजस्थान में आने वाले दिनों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। वहीं, मध्य प्रदेश में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। इसके अलावा अगले पांच दिनों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहेगा।
भीषण गर्मी और लू की चेतावनी
– IMD ने कहा है कि गुजरात में अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं दूसरी ओर, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।
– मौसम विभाग ने बताया कि अप्रैल महीने में भी देश के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिम राजस्थान में अगले 5 दिनों के दौरान गर्मी और लू की गंभीर स्थिति देखने को मिल सकती है।
– पूर्वी राजस्थान में भी लोगों को अगले पांच दिनों के दौरान ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ेगा।
– IMD ने कहा कि दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में अगले 5 दिनों के दौरान लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
– हिमाचल प्रदेश, विदर्भ और बिहार में भी इस दौरान भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। जबकि मध्य महाराष्ट्र और जम्मू संभाग में अगले 2-3 दिनों के दौरान जबरदस्त लू चलने की संभावना है।
– झारखंड (6-8 अप्रैल), दक्षिण पंजाब (7-12 अप्रैल) और छत्तीसगढ़ (9-12 अप्रैल) में भी भीषण गर्मी और लू पड़ने की उम्मीद है।
– IMD के अनुसार, दिल्ली में जारी भीषण गर्मी और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि कम से कम 6 दिन यानी इस सप्ताह गर्मी से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
बारिश की भविष्यवाणी
– IMD ने कहा कि अगले 5 दिनों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज एवं बिजली गिरने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
– नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले 5 दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।
– IMD के पूर्वानुमान में जिक्र किया गया है कि अगले 5 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि 8 से 12 अप्रैल के दौरान असम, मेघालय में और 7 से 10 अप्रैल, 2022 के दौरान पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में बारिश होगी।
– मौसम विभाग ने कहा कि अगले 5 दिनों के दौरान केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में गरज एवं बिजली के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
– उत्तर आंतरिक कर्नाटक (7-10 अप्रैल), तटीय आंध्र प्रदेश (9, 10 अप्रैल) और तेलंगाना (7 अप्रैल) में भी गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।