The News Air- चंडीगढ़ में काफ़ी समय बाद पानी का संकट गहराएगा। वॉटर वर्क्स कजौली में 66 केवी ग्रिड सब-स्टेशन में ज़रूरी मरम्मत करनी पड़ रही है। ऐसे में शहर में शुक्रवार को पानी की क़िल्लत रहेगी। शहर में शाम के पानी की कम सप्लाई रहेगी। वहीं सुबह साढ़े 3 बजे से सुबह 9 बजे तक पानी की सुचारु सप्लाई होगी। शाम को 6 से 8 बजे तक लो प्रेशर में सप्लाई होगी। चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा लोगों को कहा गया है कि वह सुबह ही अपनी ज़रूरत के मुताबिक़ पानी स्टोर कर लें। इस शटडाउन के चलते कजौली वॉटर वर्क्स के पंप हाउस से फेज 1 से फेज 6 तक पानी की पंपिंग नहीं होगी।
शहर में 24 घंटे नी की सप्लाई के प्रोजेक्ट पर काम जल्द
शहर में लंबे समय से 24 घंटे पीने के पानी की सप्लाई शुरु करने का प्रोजेक्ट लटका पड़ा है। वहीं शहर की नई कमिश्नर अनंदिता मित्रा के मुताबिक़, इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही शहर में 24 घंटे पानी उपलब्ध होगा। इस प्रोजेक्ट को लेकर चंडीगढ़ नगर निगम ने फ्रेंच फर्म के साथ MOU साइन करना था। पहले निगम ने इसकी डेडलाइन 15 अक्तूबर 2021 तय की थी। हालांकि केंद्र से कुछ आवश्यक मंजूरियों के अभाव में यह एमओयू लंबा खींच गया। शहर के लिए इस अहम प्रोजेक्ट को प्रशासन के उच्चाधिकारी भी गंभीरता से ले रहे हैं और इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
2 महीने पहले रखी थी आधारशिला
नवंबर महीने में शहर के प्रशासक बीएल पुरोहित ने मनीमाजरा में 24 घंटे पानी की सप्लाई के प्रोजेक्ट की आधार शिला रखी थी। 162 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट में 15 साल की मेंटेनेंस और ऑपरेशन शामिल है। अगस्त 2023 तक इस प्रोजेक्ट के पूरा होने की संभावना है।