The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने मंगलवार को सियासी धमाका कर दिया। कांग्रेस के चुनाव मैनिफेस्टो से पहले सिद्धू ने चंडीगढ़ में अपना पंजाब मॉडल लांच कर दिया। यही नहीं, सिद्धू ने कांग्रेस को यह चेतावनी भी दे डाली कि इसी पर उनका राजनीतिक फ्यूचर निर्भर है। वह कोई समझौता नहीं करेंगे। सिद्धू ने कहा कि पार्टी के जनरल सेक्रेटरी से बात करने के बाद यह सब कहा है। मैनिफेस्टो में जाने से पहले यह उनके पास जाएगा।
ख़ास बात यह भी है कि सिद्धू के पंजाब मॉडल वाले पोस्टर से CM चरणजीत चन्नी की फ़ोटो ग़ायब रही। सिर्फ़ सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका गांधी ही इसमें नज़र आ रहे हैं। सिद्धू ने यह तक कह दिया कि पंजाब किसी एक का नहीं है। सिद्धू ने यहां तक कहा कि पंजाब का CM कांग्रेस हाईकमान नहीं बल्कि लोग तय करेंगे।
सिद्धू का यह पंजाब मॉडल
पंजाब स्टेट लिकर कार्पोरेशन : शराब GST से बाहर है। उस पर वैट लगाने वाले ज़्यादा पैसा कमा रहे हैं। इसका उदाहरण 37 हज़ार करोड़ कमाई कर रहा तमिलनाडु है, जबकि उनकी खपत पंजाब से आधी है। यह कार्पोरेशन एक्साइज़ लीकेज रोकेगा। अवैध बिक्री बंद करेंगे। शराब वैट के दायरे में लाएंगे। शराब के सरकारी ठेके खुलेंगे।
पंजाब स्टेट रेत माइनिंग कार्पोरेशन : सरकारी स्टॉकयार्ड बनेंगे। 14 ज़िलों में 102 माइनिंग साइट हैं। सरकार ख़ुद रेत खनन कर बेचेगी। तेलंगाना मॉडल पर काम होगा। इससे 3 हज़ार करोड़ की इनकम होगी। ट्रकों पर चिप्स लगेंगे। इसका एनुअल ऑडिट होगा। 3 हज़ार करोड़ इनकम होगी। 5 हज़ार लोगों को डायरेक्ट और 15 से 20 हज़ार को इनडायरेक्ट जॉब मिलेगी।
पंजाब स्टेट केबल रेगुलेटरी कमीशन : पंजाब में 2 करोड़ टीवी सेट हैं। केबल पर किसी की मोनोपली नहीं होगी। कमीशन कॉम्पिटिशन करवाएगा। इससे 400 की केबल 200 में मिलेगी। इससे 3 से 5 हज़ार करोड़ रेवेन्यू मिलेगा।
ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन : बसें इंपाउंड करने से कुछ नहीं होगा। पॉलिसी के बगैर माफ़िया बंद नहीं होगी। बाहरी राज्यों के रूट पर सरकारी बसें चलेंगी। टाइम टेबल डिजिटल होगा। इससे डेढ़ हज़ार करोड़ की कमाई होगी।
आउटडोर एडवरटाइजमेंट रेगुलेशन : सिद्धू ने कहा कि लुधियाना 50 लाख कमाता है, लेकिन वहीं का 36 करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट हुआ। मैं पॉलिसी लाया था। इससे पूरे पंजाब में एडवरटाइजमेंट से एक हज़ार करोड़ की कमाई हो सकती थी। लेकिन अभी पैसा निजी ज़ेबों में जा रहा है। इसमें 75-25 का खेल यानी 75% कांग्रेस और 25% अकाली दल की कमाई हो रही है।
कैप्टन के चुनाव चिह्न पर तंज़
सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी के चुनाव चिह्न पर तंज़ कसा। सिद्धू ने कहा कि कैप्टन ख़ुद ही गोल हो चुके हैं। फिरोजपुर में कैप्टन ने ख़ाली कुर्सियों को संबोधित किया। वह ख़ुद हिलने लायक़ नहीं हैं तो हॉकी में गोल क्या करेंगे?
चन्नी पर निशाना साधने से नहीं चूके सिद्धू
सिद्धू ने सीएम चरणजीत चन्नी पर भी निशाने साधे। सिद्धू ने कहा कि कह देते हैं कि केबल सस्ती कर देंगे लेकिन किया कुछ नहीं। CM चन्नी ने 100 रुपए केबल देने का ऐलान किया था। सिद्धू यहीं नहीं रुके। सिद्धू ने कहा कि टीवी पर हर कोई लाइव होगा। ऐसा नहीं होगा कि विधानसभा में एक बोलता है तो उसे दिखाते हैं और जब दूसरा बोले तो बत्ती गुल कर देते हैं। सिद्धू ने कहा कि वह ऐसी बातें करते रहेंगे, उन्हें उसकी कोई परवाह नहीं है।