The News Air: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चंडीगढ़ दौरे से कांग्रेस में खलबली मच गई है। अभी तक अमृतसर से पूर्व मंत्री राजकुमार वेरका के कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। अब कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए सुनील जाखड़ के घर का एक वीडियो सामने आया है। इसमें पूर्व मंत्री गुरप्रीत कांगड़, शाम सुंदर अरोड़ा और बलबीर सिद्धू भी नज़र आए हैं।
इसके अलावा कांग्रेसी नेता केवल ढिल्लों भी वहाँ दिखे। इसके बाद स्पष्ट है कि यह सब भाजपा में शामिल होने वाले हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चंडीगढ़ के बाद शाम को सुनील जाखड़ के घर जा सकते हैं।
कांग्रेस को मालवा, माझा और दोआबा से बड़ा झटका
राजकुमार वेरका पंजाब के माझा इलाक़े में अमृतसर से आते हैं। वह बड़े दलित नेता हैं। इस बार वह चुनाव हार गए, लेकिन उनका दबदबा बरक़रार है। वहीं गुरप्रीत कांगड़ मालवा से कांग्रेसी दिग्गज हैं। वह कैप्टन अमरिंदर सिंह के क़रीबी रहे हैं। बलबीर सिद्धू मोहाली से हैं, जबकि शाम सुंदर अरोड़ा होशियारपुर से आते हैं और पिछली कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
राजा वड़िंग बोले- पार्टी को फ़र्क नहीं पड़ता
इसकी भनक मिलते ही पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस के कुछ सीनियर नेताओं ने ताक़त और मंत्री पद का लुत्फ़ उठाया। वह भाजपा जॉइन कर रहे हैं। वह अमित शाह से मिलने जा रहे हैं। वह चाहते हैं कि पंजाब में पैदा हुए हालात से ध्यान हटाकर इस तरफ़ लगा दिया जाए। जो जाना चाहता है, वह चला जाए। वह मूसेवाला से ध्यान हटाकर फोक्स ख़ुद पर करना चाहते हैं।
तरूण चुघ बोले- यह तो ट्रेलर, पिक्चर अभी बाक़ी है
भाजपा के महासचिव तरूण चुघ ने कहा कि यह तो सिर्फ़ ट्रेलर है। असली पिक्चर अभी बाक़ी है। उन्होंने इशारा किया कि कांग्रेस के कई और दिग्गज भाजपा में शामिल होंगे। चुघ ने कहा कि कांग्रेस से लोगों का विश्वास उठ चुका है। आम आदमी पार्टी का काम भी लोग देख रहे हैं। इसलिए पंजाब के भले के लिए लोगों की आस अब भाजपा पर टिकी है। भाजपा उनकी उम्मीदों पर जरुर खरा उतरेगी।