The News Air- (चंडीगढ़) मशहूर बॉलीवुड सिंगर सुखविंदर सिंह पंजाब के राजगायक बन गए हैं। चमकौर साहिब स्थित दास्तान-ए-शहादत मेमोरियल में CM चरणजीत चन्नी ने यह घोषणा की। उन्होंने मशहूर पंजाबी राइटर और कवि सुरजीत पातर के लिए भी शिरोमणि साहित्यकार के पुरस्कार का ऐलान किया।
पंजाब सरकार की तरफ से दोनों को कैबिनेट रैंक दिया जाएगा। सीएम चन्नी ने कहा कि दोनों शख्सियतों ने पंजाब के सिख इतिहास को यादगार बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है, जिस वजह से पंजाब सरकार उन्हें यह सम्मान दे रही है।
बॉलीवुड सिंगर सुखविंदर सिंह पंजाब के अमृतसर के रहने वाले हैं। उन्हें स्लमडॉग मिलियेनर के गीत जय हो, से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि मिली थी। जिसके लिए बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग का एकेडमी अवार्ड और ग्रैमी अवार्ड मिल चुका है।
चमकौर साहिब में दास्तान-ए-शहादत मैमोरियल पर घोषणा
सिख धर्म की पहली पातशाही गुरु नानक देव जी के 552वें प्रकाश पर्व पर श्री चमकौर साहिब में कार्यक्रम करवाया गया था। यहां पंजाब सरकार के टूरिज्म एवं कल्चर विभाग ने सिख इतिहास को दर्शाता दास्तान-ए-शहादत मैमोरियल बनाया है।
इस मौके पर गायक सुखविंदर सिंह के अलावा हर्षदीप कौर, जसपिंदर नरूला एवं दुर्गा रंगीला, मनजिंदर बनी और स्व. दिलजान के योगदान को सराहते हुए सभी को सीएम ने राजगायक की उपाधि दी।