The News Air- भारत रत्न गायिका लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में रविवार यानी 6 फरवरी को निधन हो गया है। वो मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एडमिट थीं। वो कोरोना और निमोनिया से बीते 29 दिनों से लड़ रही थीं। अब लता मंगेशकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें लता दीदी नज़र आ रही हैं। दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो तब का है, जब उन्हें पिछले महीने हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया था, हालांकि दैनिक भास्कर इसकी पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो में बेहद कमज़ोर नज़र आ रही हैं लता मंगेशकर
वीडियो में लता मंगेशकर दो महिलाओं का सहारा लेकर चलती हुई नज़र आ रही हैं। इस वीडियो में लता मंगेशकर बेहद कमज़ोर नज़र आ रही हैं और उनकी स्थिति बहुत नाज़ुक लग रही है। लता दीदी की इस हालत को देखकर उनके फैन्स काफ़ी इमोशनल हो रहे हैं और अपना-अपना रिएक्शन देते हुए कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “क्या ये लता जी हैं, मैं उन्हें पहचान ही नहीं पा रही हूं।” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “इस वीडियो को देखकर मुझे विनोद खन्ना और एसएसआर के आखिरी दिनों की फोटोज याद आ गई। मुझे यक़ीन है कि लताजी कभी नहीं चाहती थीं कि कोई उन्हें ऐसे देखे। कृप्या कुछ शर्म करें और इन वीडियो को हटा दें।”
नौकर के पॉजिटिव आने के बाद संक्रमित हुई थीं
लता जी लगभग दो साल से घर से नहीं निकली थीं। वे कभी-कभी सोशल मीडिया के ज़रिए अपने फैन्स के लिए संदेश देती थीं। बढ़ती उम्र और गिरती सेहत के कारण वे ज़्यादातर समय अपने कमरे में ही गुज़ारती थीं। उनके घर के एक स्टाफ़ मेंबर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनका टेस्ट कराया गया था। 8 जनवरी को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दीदी के निधन के क़रीब पांच दिन पहले उनकी सेहत में सुधार होने लगा था। लेकिन अचानक उनकी तबियत बिगड़ी और रविवार सुबह 8:12 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।