The News Air- देश के 5 राज्यों में हो रहे चुनाव में पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह की भी एंट्री हो गई है। PM नरेंद्र मोदी की अबोहर रैली से पहले उन्होंने वीडियो के ज़रिए केंद्र सरकार पर निशाने साधे। पूर्व पीएम ने कहा कि मोदी सरकार का राष्ट्रवाद नक़ली है। जो अंग्रेज़ों ‘फूट डालो और राज़ करो’ की नीति पर चलता है।
डॉ. सिंह ने केंद्र सरकार को चीन के मुद्दे पर भी घेरा। उन्होंने कहा कि एक साल से चीनी फ़ौज भारत की पवित्र ज़मीन पर बैठी है। इस सरकार को संविधान पर भरोसा नहीं है। संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमज़ोर किया जा रहा है। सरकार देश के अंदर ही नहीं बल्कि विदेश नीति के मोर्चे पर भी फेल हुई है।
मनमोहन के वीडियो की अहम बातें
- महंगाई से लोग परेशान हैं
आज देश की स्थिति चिंताजनक है। कोरोना के दौर में केंद्र सरकार की ग़लत नीतियों के कारण एक तरफ़ अर्थव्यवस्था गिरी है। महंगाई और बेरोज़गारी से लोग परेशान हैं। दूसरी तरफ़ 7 साल सरकार चलाने के बाद भी केंद्र सरकार ग़लतियों को नहीं मान रही। वह लोगों की समस्याओं के लिए पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू को ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं। - मैंने कम बोला और काम ज़्यादा किया
मैं मानता हूं कि पीएम के पद का एक ख़ास महत्व होता है। इतिहास पर दोष लगाकर अपने गुनाह कम नहीं हो सकते। पीएम के तौर पर काम कर मैंने ज़्यादा बोलने की जगह काम को तरजीह दी। हमने सियासी लाभ के लिए देश को नहीं बांटा। कभी सच पर पर्दा डालने की कोशिश नहीं की। - चीनी कब्ज़े की बात को दबाया जा रहा
चीन की फ़ौज पिछले एक साल से हमारी पवित्र धरती पर बैठे हैं। इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। पुराने दोस्त हमसे टूट रहे हैं। पड़ोसी देशों से भी हमारे संबंध बिगड़ रहे हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि सत्ताधारियों को समझ आ गई होगी कि ज़बरन गले लगने, घुमाने या बिना बुलाने बिरयानी खाने पहुंचने से देश के रिश्ते नहीं सुधर सकते। सरकार को यह भी समझ लेना चाहिए कि अपनी सूरत बदलने से सीरत नहीं बदलती। सच हमेशा सामने आ ही जाता है। - पंजाब के लिए कांग्रेस ही सही
डॉ. सिंह ने कहा कि चुनावी माहौल में पंजाब की जनता के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। इनका मुक़ाबला ठीक तरीक़े से करना ज़रूरी है। कांग्रेस ही पंजाब में किसानों की ख़ुशहाली और बेरोज़गारी को दूर कर सकती है। पंजाब के वोटरों को इस बात का ध्यान जरुर रखना चाहिए। पीएम ने कहा कि भारत आज एक अहम मोड़ पर खड़ा है। मेरी बड़ी इच्छा थी कि मैं पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर के भाई-बहनों के साथ देश और राज्य के हालात के बारे में चर्चा करूं, लेकिन डॉक्टरों की सलाह की वजह से इसी तरह संबोधित कर रहे हैं। - पीएम सुरक्षा चूक पर पंजाब को बदनाम किया
कुछ दिन पहले पंजाब की सुरक्षा के नाम पर पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी और यहां के लोगों को बदनाम करने की कोशिश की गई। जिसे किसी भी तरह से ठीक नहीं माना जा सकता। - किसान आंदोलन में पंजाबियों को बदनाम किया
किसान आंदोलन के दौरान भी पंजाब और पंजाबियत को बदनाम करने की कोशिश की गई। जिन पंजाबियों की दिलेरी, बहादुरी, देशभक्ति और क़ुर्बानी को पूरी दुनिया सलाम करती है। उनके बारे में क्या कुछ नहीं किया गया। पंजाब की धरती पर पैदा हुए एक सच्चे देशवासी के नाते मुझे इससे बहुत दुख हुआ। - आर्थिक नीतियों की समझ नहीं
आर्थिकता की कोई समझ नहीं है। ग़लत नीतियों की वजह से देश आर्थिक मंदहाली की जकड़ में फंस गया है। किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और औरतें परेशान हैं। देश के अन्नदाता दाने-दाने के मोहताज हो गए हैं। देश में सामाजिक असमानता बढ़ गई है। लोगों पर क़र्ज़ा बढ़ रहा और कमाई घट रही है। अमीर और अमीर हो रहे और ग़रीब और ग़रीब हो रहे हैं। सरकार आंकड़ों के साथ धोखा कर सब कुछ ठीक बता रही है। सरकार की नीति और नीयत में खोट है। - लोगों को बांट रही भाजपा
सरकार अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए लोगों को जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर बांट रही है। उन्हें आपस में लड़ाया जा रहा है। केंद्र सरकार बांटो और राज़ करो की राजनीति पर चल रही है।