The News Air – प्रकाश झा की फ़िल्म ‘राजनीति’ तो याद ही होगी। फ़िल्म में स्मार्ट और एजुकेटेड लोगों को प्रवक्ता और को-ऑर्डिनेटर रखने के लिए परीक्षा पर ज़ोर दिया जाता है। कुछ इसी तर्ज पर कांग्रेस पार्टी यूपी में काम कर रही है। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रवक्ता बनाने के लिए एग्ज़ाम ले रही है। बड़ी बात ये भी है कि जिस कांग्रेस ने 40% महिलाओं को कैंडिडेट बनाने का ऐलान किया था। आपको जानकर हैरानी होगी कि इन UPSC लेवल के इन एग्जाम्स में महिलाओं की हिस्सेदारी 4% भी नहीं रही।
पिछली बार हुई परीक्षा का लीक हो गया था पर्चा
चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ‘पीके’ कांग्रेस का चुनाव अभियान देख चुके हैं। उस वक़्त उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों की नियुक्ति के लिए सिफ़ारिश को ग़लत बताया था। चुनाव के ज़रिए रखने का फॉर्मूला दिया था। राजनीति फ़िल्म के सीन में भी इसी फार्मूले पर बात होती है।
पहले भी हो चुके हैं एग्ज़ाम
ये तरीक़ा यूपी में कोई नया भी नहीं है। जून 2018 में प्रदेश प्रवक्ता के लिए एग्ज़ाम हो चुके हैं। 14 लोगों को चुना गया था। लेकिन बाद में सामने आया कि परीक्षा का पर्चा पहले ही लीक हो चुका था। इसके बाद 3 साल तक प्रवक्ता के एग्ज़ाम की योजना ठंडे बस्ते में पड़ी रही। अब चुनाव से पहले फ़ायदा लेने के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है।
परीक्षा के आवेदन में पूछी गई ये जानकारी
नाम, जन्मतिथि, शिक्षा, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी जैसी बुनियादी जानकारी ली गई। साथ ही ट्विटर हैंडल, फेसबुक पेज का नाम, यू-ट्यूब चैनल का नाम, इन सभी में फॉलोअर्स की संख्या। सोशल मीडिया की कितनी आईडी हैं। किस-किस नाम से हैं। उस पर कितना कंटेंट कितने दिनों में पोस्ट करते हैं। ये जानकारी भी ली गईं हैं।
45 मिनट में दिखानी होगी क़ाबिलियत
45 मिनट में दो तरह के सवाल पूछे जा रहे हैं। इसमें 20 प्रश्न वैकल्पिक हैं। 2 प्रश्न विश्लेषणात्मक हैं। देखिए कैसे-कैसे सवालों के जवाब मांगे गए…
- यूपी में कितनी लोकसभा और विधानसभा सीटें हैं?
- 2004 और 2009 में कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?
- 2014 लोकसभा और 2017 विस चुनावों में कांग्रेस का वोट शेयर प्रतिशत क्या था?
- उत्तर प्रदेश में कितने ब्लॉक और क्षेत्र हैं?
- लोकसभा चुनाव में यूपी में कितने सीटें आरक्षित हैं?
- यूपी में कितनी विधानसभा सीटें मिलकर एक लोकसभा सीट बनाती हैं?
- योगी आदित्यनाथ सरकार किन-किन प्रमुख मुद्दों पर विफल है?
- मनमोहन सिंह सरकार की उपलब्धियां क्या थीं?
RSS का प्रभाव ख़तरनाक क्यों है, ये भी पूछा गया
विश्लेषणात्मक प्रश्नों में पूछा जा रहा है कि यूपी में कांग्रेस की क्या भूमिका है? कांग्रेस ने यूपी के लिए क्या-क्या किया है? अख़बारों और टीवी पर आज तीन मुख्य ख़बरें क्या हैं, जिन पर कांग्रेस के प्रवक्ता बयान जारी कर सकते हैं? आप एक प्रवक्ता बनना क्यों चाहते हैं? RSS का इतिहास क्या है? स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कौन हैं? कांग्रेस पार्टी का इतिहास और कांग्रेस का भारत के इतिहास में क्या योगदान रहा? RSS का प्रभाव ख़तरनाक क्यों है? जैसे कई प्रकार के सवाल पूछे जा रहे हैं।
इन परीक्षाओं को लेकर ये भी जानिए
- 75 ज़िलों में 2850 लोगों ने दी परीक्षा
- 33 बड़े ज़िलों में 1750 का इंटरव्यू चल रहा
- 42 ज़िलों में 1100 की लिखित परीक्षा हो चुकी
- 3 स्तरीय परीक्षा के बाद ही पास होंगे
- परिणाम दिसंबर के अंतिम सप्ताह में जारी होंगे
- लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, रायबरेली, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, उन्नाव में एग्ज़ाम हो चुके हैं