The News Air: देश में कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। लगातार पांचवें दिन नए मामले 3 हज़ार से ज़्यादा मिले हैं। रविवार को देश में कोरोना के 3,157 केस मिले। वहीं, 26 लोगों की इंफेक्शन के चलते मौत हुई। इसके साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव केस 19,092 से बढ़कर 19,500 हो गए। एक ही दिन में एक्टिव केस में 400 की बढ़त हुई है।
सोमवार को देश का पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 1.07% हो गया। रविवार तक यह 0.71% था। वीकली पॉजिटिविटी रेट भी 0.68% से बढ़कर 0.70% हो गया। हालांकि कल 2,723 लोग कोरोना से ठीक भी हुए। सबसे ज़्यादा 1,485 मामले दिल्ली में मिले। इसके बाद हरियाणा में 475, केरल में 314, उत्तर प्रदेश में 268, महाराष्ट्र में 169 और कनार्टक मे 104 केस दर्ज़ हुए हैं। 24 घंटे में हुई 26 मौतों में से 21 केरल में हुई हैं।
दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 4.89%
दिल्ली में रविवार को पॉजिटिविटी रेट 4.89% रहा। शनिवार को 1,520 नए केस मिले थे। यहां एक्टिव मरीज़ों की संख्या बढ़कर 5997 हो गई है। यहां फ़िलहाल 920 कंटेनमेंट ज़ोन हैं। हालांकि रविवार को यहां कोरोना के चलते किसी की मौत नहीं हुई। यहां शनिवार को 1 और शुक्रवार को 2 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई थी।
दिल्ली में बढ़ते केसों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने दो अस्पतालों में कोरोना मरीज़ों के लिए बेड्स की संख्या को बढ़ा दिया है। इनमें LNJP अस्पताल भी शामिल है।
लोगों को वैक्सीन लेने के लिए मजबूर नहीं कर सकती सरकार
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि किसी भी व्यक्ति को वैक्सीनेशन के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता है। जस्टिस एल नागेश्वर राव और जस्टिस बीआर गवई की बेंच ने सुनवाई करते हुए कहा कि आर्टिकल-21 के तहत व्यक्ति की शारीरिक अखंडता को बिना अनुमति नहीं भंग की जा सकती है। ऐसे में देश में वैक्सीनेशन अनिवार्य नहीं किया जा सकता है।