The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को एक और झटका लग सकता है। आप के MLA कंवर संधू कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। मंगलवार रात को उनकी सीएम चरणजीत चन्नी से पंजाब भवन में मुलाक़ात हुई, लेकिन इसको लेकर औपचारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। इससे पहले बठिंडा देहाती से MLA रूपिंदर रूबी कांग्रेस में शामिल हो चुकी हैं। विधायक जगतार सिंह भी कांग्रेस के प्रति मोह दिखा चुके हैं। ऐसे में आप के लिए चुनाव से पहले इस तरह के बड़े झटके लग सकते हैं।
2019 में सस्पेंड किया था AAP ने
कंवर संधू 2017 में खरड़ विधानसभा सीट से AAP की टिकट पर MLA चुने गए थे। हालांकि उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते सस्पेंड कर दिया गया था। जिसके बाद वह 2019 में सुखपाल खैहरा के साथ चले गए, जिसके बाद वह विधानसभा में भी अलग बैठ रहे थे। चुनाव नज़दीक आने के बाद अब उनका झुकाव कांग्रेस की तरफ़ हो गया है।
आप और कांग्रेस में घमासान
विधायक शामिल करवाने को लेकर आप और कांग्रेस में घमासान चल रहा है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस के 25 MLA और 2-3 सांसद उनकी पार्टी में आने को तैयार हैं। लेकिन वह कांग्रेस का कचरा नहीं लेना चाहते। वहीं मंत्री राजकुमार वेरका ने कहा कि पंजाब में झाड़ू पूरी तरह बिखर चुका है। जल्द ही आप के और विधायक कांग्रेस में आएंगे।
केजरीवाल ने दी थी सफ़ाई
अरविंद केजरीवाल ने भी पंजाब दौरे के दौरान सफ़ाई दी कि इन विधायकों का काम ठीक नहीं था। उन्हें पता चल गया था कि इस बार उन्हें पार्टी की टिकट नहीं मिलेगी। इसलिए वह पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। वह इस तरह की सियासत में विश्वास नहीं करते।
6 विधायक छोड़ चुके पार्टी
आम आदमी पार्टी के 6 विधायक अब तक पार्टी छोड़ चुके हैं। सुखपाल खैहरा, पिरमल ख़ालसा, जगदेव कमालू और रूपिंदर रूबी कांग्रेस में शामिल हो चुकी हैं। बलदेव सिंह और एचएस फूलका ने इस्तीफ़ा दे दिया था। इसके अलावा कंवर संधू, नाजर सिंह पार्टी से किनारे हो गए। अभी सिर्फ़ 10 विधायक ही आप में एक्टिव नज़र आते हैं। जिनकी हाल ही में पार्टी को टिकट भी अनाउंस करनी पड़ी।