The News Air-बुधवार को सेना का MI-17 हेलिकॉप्टर तमिलनाडु के कुन्नूर में क्रैश हो गया। इसमें 14 लोग सवार थे। इनमें चीफ़ ऑफ़ डिफेंस स्टाफ़ (CDS) जनरल बिपिन और पत्नी मधुलिका भी सवार थीं। हादसा जिस इलाक़े में हुआ वहाँ गहरी धुंध थी। माना जा रहा है कि हादसे की सबसे बड़ी वजह मौसम ही है।
इस मामले में कुछ चश्मदीद भी सामने आए हैं। इनके मुताबिक़, हेलिकॉप्टर तेज़ी से पेड़ों पर गिरा। इसके बाद उसमें आग लग गई। एक और चश्मदीद का कहना है कि उसने जलते हुए लोगों को गिरते देखा।
स्थानीय लोग सबसे पहले पहुंचे
घटना के एक चश्मदीद कृष्णा स्वामी ने कहा- मैं अपने घर में था। तभी एक तेज़ आवाज़ सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो एक हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ था। यह एक के बाद एक दो पेड़ों से टकराया। इसके बाद उसमें आग लग गई। मैंने दो या तीन लोगों हेलिकॉप्टर से निकलते भी देखा, इनके शरीर में आग लगी हुई थी। मैंने उस इलाक़े में रहने वाले लोगों को बुलाया और मदद की कोशिश की। इसके बाद फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी सर्विसेज़ को सूचना दी गई।
घटनास्थल से 100 मीटर दूर है कृष्णा का घर
घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचने वाले कृष्णा स्वामी के मुताबिक़, जिस जगह हेलिकॉप्टर गिरा, उनका घर वहाँ महज़ 100 मीटर दूर है। घटना बुधवार दोपहर क़रीब 12 बजकर 20 मिनट पर हुई। कृष्णा ने कहा- मैंने जैसे ही आवाज़ सुनी, मैं उस दिशा में भागा। पहली नज़र में वहाँ सिर्फ़ आग और धुआँ ही था। आग की लपटें मेरे घर की ऊंचाई से ज़्यादा थीं।
इलाक़े में रहने वाला कुमार नाम का लड़का दौड़कर पुलिस और फायर ब्रिगेड के पास सूचना देने गया। पेड़ों के बीच गिरे हेलिकॉप्टर में दो या तीन लोग गिरते भी दिखे। सभी के शरीर में आग लगी थी।