The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी ने चुनाव आयोग से पंजाब चुनाव मुल्तवी करने को कहा है। क्योंकि 16 फरवरी को श्री गुरु रविदास जयंती है। इस मौक़े पर बड़ी गिनती में श्रद्धालु गुरु के जन्म स्थान उत्तर प्रदेश के बनारस में जाते हैं। पंजाब में क़रीब 32% अनुसूचित जाति भाईचारा है।
10 से 16 फरवरी के बीच ज़्यादातर लोग उत्तर प्रदेश में होंगे। इस वजह से वह चुनाव में मतदान नहीं कर पाएंगे। इसलिए वोटिंग को 5 से 6 दिन के लिए आगे बढ़ा दिया जाए। इससे बनारस जाने वाले क़रीब 20 लाख लोग वोटिंग के अधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
बसपा भी उठा चुकी मांग
इससे पहले बहुजन समाज पार्टी की पंजाब इकाई भी यह मांग कर चुकी है। बसपा के पंजाब प्रधान जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि 16 फरवरी को गुरु रविदास की 645वीं जयंती मनाई जाएगी। हर साल की तरह गुरु के हज़ारों श्रद्धालु 13-14 फरवरी को पंजाब और ख़ास तौर पर दोआबा क्षेत्र से विशेष ट्रेनों के ज़रिए गुरु के जन्मस्थान गोवर्धनपुर जाएंगे। यह स्थान बनारस में है। इससे वह मतदान नहीं कर पाएंगे, इसलिए मतदान की तारीख़ को 14 फरवरी से बदलकर 20 फरवरी कर देना चाहिए।
पंजाब में चुनाव शेड्यूल
पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए 14 फरवरी को एक ही चरण में चुनाव होगा। चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 21 जनवरी को जारी होगा। 28 जनवरी तक नामांकन कर सकेंगे, 29 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 31 जनवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 10 मार्च को चुनावी नतीजे आएंगे।