The News Air- पंजाब में भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा कांग्रेस को वोट डालने की अपील कर रहे हैं। असल में उनका एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह कह रहे हैं कि अगर भाजपा को वोट नहीं देना तो कांग्रेस को दे दो, लेकिन आम आदमी पार्टी (AAP) को वोट मत देना।
आप को वोट देने का मतलब आतंकवाद को वोट डालना है। अश्वनी शर्मा पंजाब चुनाव में न केवल भाजपा को लीड कर रहे हैं बल्कि ख़ुद भी पठानकोट से चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में उनकी इस अपील के बाद वह विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं।
…यह कहा अश्वनी शर्मा ने
वीडियो में अश्वनी शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी को वोट डालने का मतलब आतंकवाद को वोट डालना है। पंजाब को तोड़ने वालों को वोट डालना है। अगर कोई आप को वोट डालता है तो इसका मतलब वह देश और पंजाब के साथ गद्दारी करेगा। अगर हमें वोट नहीं डालना तो कांग्रेस को डाल दो। उन्होंने सवालिया लहज़े में पूछा कि क्या देश से गद्दारी करने वालों को वोट डाल दोगे क्या?।
पहली बार बड़े भाई की भूमिका में BJP
पंजाब में भाजपा अब तक अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ती रही है। जहां उसकी हैसियत छोटे भाई वाली रहती है। पहली बार भाजपा बड़े भाई के रूप में चुनाव लड़ रही है। इस बार अकाली दल के साथ गठबंधन टूट चुका है। भाजपा कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव ढींढसा की शिअद संयुक्त के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। भाजपा 65 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हालांकि कैप्टन की पार्टी के भी कई उम्मीदवार भाजपा के चुनाव चिन्ह पर लड़ रहे हैं।
किसान आंदोलन की चुनौती झेल रही भाजपा
पंजाब में भाजपा को किसान आंदोलन की चुनौती झेलनी पड़ रही है। केंद्र सरकार ने कृषि सुधार क़ानून जरुर वापस ले लिए लेकिन 13 महीने लंबे आंदोलन में क़रीब 700 किसानों की मौत हो गई। इनमें ज़्यादातर पंजाब से थे। इस वजह से लोग भाजपा से नाराज़ हैं। पीएम नरेंद्र मोदी भी पंजाब में 3 रैलियां कर चुके हैं। इसके बावज़ूद ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा का विरोध बरक़रार है।