The News Air- (चंडीगढ़) गुरु नानक देव और उनके पिता के बारे में सोशल मीडिया पर अपशब्द कहने वाले 2 लाख के इनामी आरोपी अनिल अरोड़ा को पुलिस ने चंडीगढ़ से गिरफ़्तार कर लिया है। वह पिछले क़रीब दो माह से फ़रार चल रहा था। आज पुलिस ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। अनिल के ख़िलाफ़ लुधियाना में थाना डिवीजन नंबर 3 में 20 अक्टूबर को आपराधिक मामला दर्ज़ किया गया था। पुलिस अब तक उसके छह साथियों को भी गिरफ़्तार कर चुकी है।
अपशब्द बोलने के बाद लुधियाना में था माहौल तनावपूर्ण
आरोपी अनिल द्वारा गुरु नानक देव और उनके पिता के बारे में अपशब्द बोलने की ऑडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रही थी। जिसके बाद गुस्साए सिख संगठनों ने रोष प्रदर्शन किए। उसकी गिरफ़्तारी की मांग को लेकर समराला चौक में लगातार धरना प्रदर्शन भी चल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने तीन बार दिल्ली-अंबाला-चंडीगढ़ रोड को बंद कर दिया था। पुलिस ने उसकी गिरफ़्तारी के लिए 2 लाख रुपए का इनाम रखा था।
पुलिस के लिए सिरदर्दी बना रहा अनिल
अनिल पुलिस के लिए 50 दिन से सिरदर्दी बना हुआ था। उसे पकड़ने के लिए विशेष टीमें लगाई गईं थीं। पुलिस उसके कई रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर चुकी थी। वह हर बार पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहता था। इन दिनों वह विदेश भागने के लिए प्रयास कर रहा था, लेकिन इसो पहले पुलिस ने उसे गिरफ़्तार कर लिया। डीसीपी वरिंदर सिंह बराड़ ने कहा कि अनिल को गिरफ़्तार कर लिया है। ज़्यादा जानकारी साँझा नहीं की जा सकती है।