The News Air – पंजाब में अगर तीनों CM चेहरे जीते तो उपचुनाव होने तय हैं। इनमें सुखबीर बादल और भगवंत मान फिरोजपुर और संगरूर से सांसद हैं। वहीं सीएम चरणजीत चन्नी चमकौर साहिब और भदौड़ से चुनाव लड़ रहे हैं। अगर सुखबीर और मान जीते तो संसदीय सीट के लिए उपचुनाव होगा। वहीं अगर चन्नी दोनों सीटें जीत जाते हैं तो फिर चमकौर साहिब या भदौड़ में से किसी एक सीट को छोड़ेंगे। जिसके बाद उस पर उपचुनाव होगा।
पढ़िए.. कौन किस पार्टी का सीएम चेहरा
- सुखबीर बादल शिरोमणि अकाली दल (बादल) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) का सीएम चेहरा हैं। वह जलालाबाद से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
- भगवंत मान को आम आदमी पार्टी (AAP) ने सीएम चेहरा बनाया है। वह धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
- चरणजीत चन्नी पंजाब के मौजूदा CM हैं। कांग्रेस ने उन्हें 2022 चुनाव के लिए सीएम चेहरा बनाया है। अगर कांग्रेस फिर सत्ता में आई तो चन्नी ही सीएम बनेंगे। इसलिए उन्हें 2 सीटों से चुनाव लड़ाया गया है।
- भाजपा, कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखदेव ढींढसा की शिअद संयुक्त ने सीएम चेहरा घोषित नहीं किया था।
ख़ुद को वोट नहीं दे पाए तीनों
- 20 फरवरी को मतदान के दिन तीनों ही सीएम चेहरे ख़ुद को वोट नहीं दे सके थे।
- सुखबीर बादल जलालाबाद से चुनाव लड़ रहे लेकिन उनकी वोट लंबी सीट पर है। यहां से उनके पिता पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल चुनाव लड़ रहे हैं।
- भगवंत मान संगरूर से सांसद और धूरी से चुनाव लड़े लेकिन उनकी वोट मोहाली में है।
- चरणजीत चन्नी 2 सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन उनकी वोट खरड़ में है, जहां से दूसरे कांग्रेस कैंडिडेट चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने यहीं मतदान किया।