The News Air- पंजाब कांग्रेस चीफ़ नवजोत सिद्धू की पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के प्रति कड़वाहट फिर उभरी है। अमरगढ़ में क़रीबी स्मित सिंह के प्रचार में पहुंचे सिद्धू ने कहा कि कैप्टन भाजपा की कठपुतली बन गया था। भाजपा फिर यहां कमज़ोर आदमी देना चाहती है। मैं कैप्टन नहीं हूं जिसे गुटका उठाया, क़सम खाई और रात को शराब पीकर सो गया। इस दौरान सिद्धू ने सुखबीर बादल, बिक्रम मजीठिया और अरविंद केजरीवाल पर भी जमकर निशाने साधे। सिद्धू ने कहा कि जल्द मजीठिया भी अंदर जाएगा।
मजीठिया को ज़मानत नहीं, 20 दिन की मोहलत, जेल जाएगा
सिद्धू ने कहा कि अकाली नेता बिक्रम मजीठिया को ज़मानत नहीं मिली है। सिर्फ़ 20 दिन की मोहलत मिली है। उसके बाद घर-घर चिट्टे की पुड़िया बेचने वाले को अंदर जाना पड़ेगा। लंबू को वहाँ पटे पड़ेंगे, जिस पर ‘आन मिलो सजना’ लिखा होगा।
सुखबीर ने पंजाब के दुखों पर सुखविलास होटल बनाया
सिद्धू ने कहा कि अकाली प्रधान सुखबीर बादल के पास 2 बसें होती थी। आज 6 हज़ार बसें चलती हैं। सब पैसे वाले रूट पर सुखबीर बादल की बसें हैं। पंजाब के दुखों पर उन्होंने सुखविलास जैसे होटल बनाए। पंजाब में ढाबे वाले भी नहीं बख़्शे। कृपाण रखकर 5-5 लाख फिरौती माँगी। अगर यह दोबारा आए तो पंजाब में फिरौती राज़ आ जाएगा।
भगवंत को रिमोट कंट्रोल से चलाएगा केजरीवाल
सिद्धू ने कहा कि पंजाब में सिरे का झूठा आदमी अरविंद केजरीवाल आया है। वह पंजाब को रिमोट कंट्रोल से चलाना चाहता है। पंजाब में उनकी पार्टी के प्रचार में भगवंत मान की अकेले फ़ोटो नहीं लगती। केजरीवाल भी साथ में होता है। पिछली बार इन्होंने झूठ फैलाया कि सर्वे में हमें 110 सीटें आ रही हैं। 500 लोग गालियां देने के लिए सोशल मीडिया पर बैठा रखे थे। जब रिजल्ट निकला तो 20 सीटें ही मिली। इस बार भी वह सब झूठ प्रचार कर रहे हैं।
कांग्रेसियों को नसीहत, बिना सत्ता मुश्किल होगा वक़्त गुजारना
सिद्धू ने कहा कि पंजाब में सिर्फ़ कांग्रेस ही कांग्रेस को हरा सकती है। कांग्रेसियों को समझना होगा कि अगर पार्टी डूबी तो सब डूबेंगे। जब सत्ता जाती है तो समय मुश्किल से गुज़रता है। कांग्रेसियों को जलालत झेलनी पड़ती है। दस साल कांग्रेस ने इसे झेला है। इसलिए अगर मुख्यमंत्री बनाना है तो फिर विधायक बनाने पड़ेंगे। सिद्धू ने स्मित की तारीफ़ करते हुए कहा कि वह इंग्लैंड से पढ़कर आया है और पंजाब मॉडल में उसका बड़ा योगदान है।