The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब के विवादित सिंगर शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला डोप टेस्ट से भाग गए हैं। असल में मूसेवाला मानसा सीट से कांग्रेस की टिकट मांग रहे हैं। वहां से यूथ कांग्रेस के चुसपिंदर सिंह भी दावेदार हैं। उन्होंने ही मूसेवाला को डोप टेस्ट की चुनौती दी थी। चुसपिंदर ने कहा कि जिसका डोप टेस्ट ठीक आया, कांग्रेस उसे टिकट दे दे।
इस पर मूसेवाला ने कहा कि मेरे पास इतना समय नहीं है कि हर बात का जवाब दूं। डोप टेस्ट पर मूसेवाला ने कहा कि मैं भी दूध का धुला नहीं हूं। सिद्धू मूसेवाला पंजाबी गीतों में गन कल्चर को लेकर चर्चा में रहते हैं। उन्हें कुछ वक़्त पहले पंजाब कांग्रेस चीफ़ नवजोत सिद्धू और CM चरणजीत चन्नी ने कांग्रेस में शामिल किया था।
मूसेवाला की टिकट को लेकर घमासान, मौजूदा विधायक भी विरोध में
मानसा में कांग्रेसी बने सिद्धू मूसेवाला की टिकट को लेकर घमासान मचा हुआ है। मूसेवाला यहीं से चुनाव लड़ने की ज़िद पर अड़े हैं। यहां तक कि टिकट न मिलने पर आज़ाद लड़ने की चेतावनी तक दे चुके हैं। मूसेवाला से पहले मानसा में चुसपिंदर दावेदार थे। वह इसका विरोध जता रहे हैं। चुसपिंदर को अब मानसा से मौजूदा विधायक नाजर सिंह मानशाहिया का साथ मिला है। मानशाहिया आप से जीतने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उनका कहना है कि टिकट उन्हें या चुसपिंदर को मिल जाए, लेकिन मूसेवाला को नहीं दी जानी चाहिए।
विवादों में रहे कांग्रेसी बने सिद्धू मूसेवाला
सिद्धू मूसेवाला अपनी गायकी और उसके दृश्यों को लेकर विवादों में रहे हैं। उन पर गीतों में गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप लगते रहे हैं। मूसेवाला बरनाला पुलिस रेंज में AK-47 से फायरिंग करने को लेकर चर्चा में आए थे। इसके बाद उन्होंने एक गीत में अपनी तुलना टाडा में फंसे संजय दत्त से कर दी थी। इसमें वकीलों को लेकर कही बात पर भी विवाद हुआ था।
कांग्रेस में जाने पर भी हुआ विवाद
सिद्धू मूसेवाला के कांग्रेस में जाने पर भी ख़ूब विवाद हुआ। यहां तक कि युवाओं ने उन्हें सोशल मीडिया पर अनफॉलो करना शुरू कर दिया। युवाओं का कहना था कि कांग्रेस पंजाब में सिख दंगों के लिए ज़िम्मेदार है। उस पार्टी में जाकर मूसेवाला ने गद्दारी की है। इसके जवाब में सिद्धू मूसेवाला ने एक वीडियो जारी कर तीखे सवाल किए थे। मूसेवाला ने पूछा कि जिन लोगों ने दंगों के बाद कांग्रेस की सरकार बनाई, वह लोग कौन थे? पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह भी इसी पार्टी में थे तो उन्हें लोग क्या कहेंगे?