पंजाब, 24 अक्टूबर (The News Air): शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव न लड़ने का फैसला किया है। पार्टी की वर्किंग कमेटी और जिला अध्यक्षों की बैठक में यह फैसला लिया गया. इसकी पुष्टि डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने की है। इस संबंध में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है.
शिरोमणि अकाली दल पंजाब में विधानसभा के उपचुनाव नहीं लड़ेगी. गुरुवार (24 अक्टूबर) को पार्टी की बैठक में ये फैसला लिया गया. राज्य की चार सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होने हैं. पार्टी नेताओं का कहना है कि श्री अकाल तख्त साहिब ने पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को तनखाहिया घोषित कर रखा है और वे अभी राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा नहीं ले सकते. अकाल तख्त साहिब का हुक्म सिर्फ पार्टी अध्यक्ष के लिए नहीं बल्कि पार्टी के लिए भी है. इसलिए उपचुनाव में पार्टी हिस्सा नहीं लेगी.
पंजाब की गिद्दड़बाहा, डेरा बाबा नानक, चब्बेवाल और बरनाला विधानसभा सीट पर उपचुनाव हैं. चार विधानसभा सीट पर उपचुनाव की जरूरत इन सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायकों के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने की वजह से पड़ी है.
कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के लुधियाना से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद गिद्दड़बाहा सीट खाली हो गई थी. संगरूर लोकसभा सीट से आप के गुरमीत सिंह हेयर के जीतने के बाद बरनाला सीट खाली हो गई थी. उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में बरनाला सीट जीती थी.
डेरा बाबा नानक सीट गुरदासपुर से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद कांग्रेस के सुखजिंदर सिंह रंधावा ने खाली की थी. कांग्रेस विधायक रहे और आप में शामिल हुए राज कुमार चब्बेवाल के होशियारपुर से लोकसभा के लिए चुने जाने के कारण चब्बेवाल सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी.
इन चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान 13 नवंबर को होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है और नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्टूबर को होगी. नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है.








