The News Air- विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनज़र पंजाब में 5 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली होनी है। लेकिन इस रैली पर मौसम का साया पड़ गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन भारी बारिश होने और ओले गिरने की चेतावनी दी है। प्रधानमंत्री मोदी की रैली पर इसका असर हो सकता है। भारतीय जनता पार्टी के लिए यह रैली काफ़ी अहम है और इसमें अगर मौसम खल्ल डालता है तो यह चिन्ता का विषय है। रैली को सफल बनाने के लिए केंद्रीय लीडरशिप के अलावा कई मंत्रियों का पूरा ज़ोर लगा हुआ है।
अगर बारिश होती है तो जाहिर-सी बात है कि लोगों को रैली स्थल पर पहुंचने और वहाँ बैठने में भी समस्या होगी। मौसम विभाग की मानें तो वेस्टर्न की तरफ़ से चल रही हवाओं के दबाव की वजह से बारिश होने का अनुमान है। कहा जा रहा है कि 5, 6 और 7 जनवरी को मौसम में तब्दीली आएगी। बारिश देरी से पड़ रही है, जो गेहूँ की फ़सल के साथ-साथ दूसरी फ़सलों के लिए भी फायदेमन्द है। इसके अलावा लोगों को भी इससे बीमारियों से निज़ात मिलने वाली है।
अगले तीन दिन में बदलेगा मौसम
पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में मौसम विभाग अध्यक्ष प्रभजोत कौर सिद्धू बताती हैं कि केंद्रीय मौसम विभाग और उनकी स्टडी के अनुसार 5 जनवरी को और इसके बाद बारिश होना लाज़िमी है। पंजाब का उत्तरी एरिया जैसे फिरोजपुर, बठिंडा, लुधियाना, मोगा आदि इससे पूरी तरह से प्रभावित रहेगा। इसके साथ ही कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी संभावना है। यह कहा जा सकता है कि आने वाले 3 दिन पंजाब में मौसम के लिहाज़ से काफ़ी अहम हैं।
पंजाब के कुछ एरिया में बारिश शुरू
पंजाब में कई जगहों पर बारिश शुरू हो गई है और कई जगहों पर बादल छाए हुए हैं। लुधियाना के कुछ एरिया में तो सुबह-सुबह बारिश के छींटे पड़ भी गए हैं। इसके अलावा फिरोजपुर, बठिंडा, मोगा में भी कई जगहों पर हल्की बारिश हुई है और बादल छाए हुए हैं।