The News Air: शिक्षा के नेशनल अचीवमेंट सर्वे में पंजाब नंबर वन स्टेट बना है। वहीं दिल्ली पंजाब से काफ़ी पीछे रहा। तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा के सभी 5 विषयों में पंजाब टॉप पर है। 10वीं की गणित में पंजाब नंबर वन पर है। पंजाब को 1000 में ये 929 नंबर मिले हैं। इसके बावज़ूद सीएम भगवंत मान और शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने बधाई तक नहीं दी। जिसके बाद विपक्षी हमलावर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मान दिल्ली का फेल एजुकेशन मॉडल पंजाब पर थोपना चाहते हैं। उन्हें पंजाब में शिक्षा को बदनाम करने के लिए माफ़ी मांगनी चाहिए।
यह रहा दिल्ली और पंजाब का रिजल्ट
- इस सर्वे में 34.01 लाख स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। जिनमें 1.17 लाख पंजाब के थे। । पंजाब 15 में से 10 कैटेगरी में टॉप पर आया है।
- तीसरी क्लास के लिए हुए टेस्ट में पंजाब को लैंग्वेज में 355, गणित में 339 और इन्वॉयरमेंटल स्टडीज़ में 334 अंक मिले। दिल्ली को क्रमश: 302, 282 और 288 अंक मिले।
- 5वीं क्लास में पंजाब को लैंग्वेज में 339, गणित में 310 और इन्वॉयरमेंटल स्टडीज़ में 310 नंबर मिले। दिल्ली के क्रमश: 304, 273 और 274 नंबर मिले।
- 8वीं क्लास में पंजाब को लैंग्वेज में 338, गणित में 297, साइंस में 287 और सोशल साइंस में 288 नंबर मिले। दिल्ली को 316, 253, 257 और 254 नंबर मिले
कैप्टन बोले- AAP के झूठ का पर्दाफाश
पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के झूठ और धोखे का पर्दाफाश हुआ है। रिपोर्ट ने दिखाया कि आप ने दिल्ली मॉडल का झूठा प्रचार किया। अगर कांग्रेस ने 111 दिन की जगह मेरी सरकार के काम को आगे बढ़ाया होता तो उन्हें अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष न करना पड़ता।
बाजवा बोले- पंजाब का मॉडल दिल्ली जाने का वक़्त
विधानसभा में विपक्षी दल नेता प्रताप सिंह बाजवा ने लिखा- पंजाब के स्कूल दिल्ली को पछाड़ रहे हैं। भगवंत मान जी, पंजाब के एजुकेशन मॉडल का दिल्ली जाने का वक़्त आ गया है। कृप्या पंजाबियों को बदनाम न करो।
मान और केजरीवाल फ़र्ज़ी दिल्ली मॉडल का प्रचार बंद करें : परगट सिंह
पूर्व शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने कहा कि नेशनल अचीवमेंट सर्वे में पंजाब सबसे ऊपर है। पंजाब के सारे विद्यार्थियों और अध्यापकों की सख़्त मेहनत की है। उम्मीद है कि सीएम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल अभी से दिल्ली के फ़र्ज़ी मॉडल का प्रचार बंद कर देंगे।
दिल्ली पंजाब से हर जगह पीछे : पूर्व शिक्षा मंत्री
पूर्व अकाली शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत चीमा ने पंजाब के स्टूडेंट्स और अध्यापकों को बधाई दी। दिल्ली के जिस मॉडल का इतना प्रचार किया जा रहा है, वह सारी जगहों पर पंजाब से बहुत पीछे है। मैं सीएम से विनती करता हूं कि पंजाब के अध्यापकों और स्टूडेंट्स को बधाई दें।