The News Air- प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का मैनिफेस्टो जारी किया। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे पूछा कि पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा? इस पर प्रियंका ने उल्टा सवाल दाग़ दिया कि आप कोई और चेहरा देख रहे हैं क्या? प्रियंका का जवाब अपने आप में यह इशारा है कि पार्टी का सीएम चेहरा वही होंगी।
यह भी पढ़ें- अकाली विधायक की चुनावी बैठक में हुई फायरिंग, फायरिंग में..
मैनिफेस्टो जारी करते वक़्त प्रियंका के साथ राहुल गांधी भी मौजूद थे। दोनों ने UP चुनाव के लिए भर्ती विधान का अनावरण किया है। प्रियंका ने कहा कि युवाओं से बात करके ही ये भर्ती विधान तैयार किया है। हम UP में हम 20 लाख नौकरियां देंगे। इसमें 8 लाख महिलाओं के लिए होंगे। हमने विधान में ये भी बताया है कि ये कैसे करेंगे। 12 लाख पद तो अभी भी ख़ाली हैं। हम जॉब कैलेंडर बनाएंगे और इसका कड़ाई से पालन कराएंगे। भर्ती परीक्षाओं के लिए फ़ीस नहीं लगेगी। परीक्षा देने के लिए ट्रेन और बस यात्रा भी मुफ़्त होगी।
युवा इस बात से परेशान हैं कि परीक्षाएं लीक हो रही हैं। युवा दुखी है। हमारी सरकार आएगी तो हम ये वादे पूरे करेंगे। हम सकारात्मक प्रचार कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि विकास की बात हो। युवाओं के भविष्य की बात हो। विधान में हमने ये भी बताया है कि युवा कैसे अपना उद्यम शुरू कर सकते हैं। युवाओं की समस्याओं को हमने इसमें एड्रेस किया है। UP में 7 करोड़ युवाओं की आकांक्षाओं का ये दस्तावेज़ है।
कांग्रेस के घोषणा पत्र की बड़ी बातें-
- प्राथमिक विद्यालय में 1.50 लाख, माध्यमिक में 38 हज़ार, उच्चत्तर में 8 हज़ार पद भरे जाएंगे। पुलिस के 1 लाख पद भरे जाएंगे। 20 हज़ार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 27 हज़ार सहायिकाओं के पद पर भर्ती होंगे। 12 हज़ार उर्दू शिक्षक, संस्कृत शिक्षक 2 हज़ार और फिजिकल एजुकेशन के 32 हज़ार शिक्षक, 6 हज़ार डॉक्टर भर्ती करेंगे।
- विश्वविद्यालयों में प्लेसमेंट सेल होगी। सभी कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव की बहाली होगी। स्कॉलरशिप टाइम पर मिलेगी। दायरा भी बढ़ेगा और राशि भी। सिंगल विंडो स्कॉलरशिप पोर्टल खुलेगा। सफ़ाई कर्मियों के परिवारों के युवाओं के लिए ट्रेनिंग देंगे।
- अति पिछड़े युवाओं को 5 लाख तक लोन एक फ़ीसदी ब्याज पर देंगे।
- युवाओं में नशा रोकने के लिए एक ऐसा संस्थान बनाएंगे, जिसका सेंटर लखनऊ में होगा। इसके 4 हब होंगे। यहां काउंसिलिंग के कैंप लगेंगे।
- हम एक यूथ फेस्टिवल कराना चाहते हैं। युवाओं के लिए ये बड़ा फेस्टिवल होगा।
- क्रिकेट के लिए विश्वस्तरीय एकेडमी बनाएंगे।
- राहुल ने कहा कि ये नया विजन है। भारत को नए विजन की ज़रूरत है।
- भाजपा के भीतर भी यदि आप पूछेंगे कि उनका विजन फेल हो रहा है। हम UP से नया विजन शुरू करना चाहते हैं। हम UP के लिए नई कल्पना ला रहे हैं।
- प्रियंका ने कहा कि मैंने चुनाव लड़ना तय नहीं किया है। हालांकि प्रियंका ने माना कि वह ख़ुद UP में कांग्रेस का चेहरा है।
- UPA की सरकार में रोज़गार का रिकॉर्ड भाजपा सरकार से बहुत अच्छा रहा है।
- BJP की स्ट्रैटेजी छोटे व्यापारियों को ख़त्म करने की है। नोटबंदी, ग़लत GST का लक्ष्य छोटे और मध्यम व्यापारियों को ख़त्म करने और देश को चंद व्यापारियों के हाथ में देने का है। हम ये नहीं करते। हम समन्वय बनाकर चलते हैं।
- हम ध्रुवीकरण में शामिल नहीं है। इस देश के लिए बहुत ज़्यादा ज़रूरी है कि जनता जागरूक हो। जनता जब तक जवाबदेही नहीं मांगेगी, जब तक वे नहीं पूछेंगे कि हमारे बच्चों को रोज़गार क्यों नहीं मिल रहा, नल क्यों नहीं लगा। तब तक बदलाव नहीं होगा।
- UP में हर 24 घंटे में 880 लोग रोज़गार खोते हैं। यहां 16 लाख लोगों ने रोज़गार खोया है।
UP की महिलाओं के लिए कांग्रेस का मैनिफेस्टो
प्रियंका का महिलाओं के लिए अलग घोषणा पत्र
प्रियंका गांधी ने इससे पहले महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया था। इसमें मुफ़्त बस सेवा, साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ़्त देने के साथ सरकारी नौकरी में 40% आरक्षण देने का वादा किया है। प्रियंका गांधी यूपी में अपनी पार्टी से 40% टिकट महिलाओं को दे रही हैं।
ये हैं प्रियंका गांधी की 8 प्रतिज्ञाएं
- टिकटों में महिलाओं की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी
- छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी
- किसानों का पूरा क़र्ज़ा माफ़
- 2500 में गेहूँ, धान, 400 पाएगा गन्ना किसान
- बिजली बिल सबका हाफ, कोरोना काल का बक़ाया साफ़
- दूर करेंगे कोरोना की आर्थिक मार, परिवार को देंगे 25 हज़ार
- 20 लाख को सरकारी रोज़गार
- 10 लाख तक का मुफ़्त इलाज