The News Air- कांग्रेस की दिग्गज नेता प्रियंका गांधी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए पार्टी का प्रचार करने रविवार को पंजाब पहुंचीं। यहां सबसे पहले उन्होंने कोटकपूरा में ‘नवी सोच नवा पंजाब’ रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने न आम आदमी पार्टी को बख़्शा और न ही भाजपा को। कैप्टन अमरिंदर के ख़िलाफ़ भी वे बिना नाम लिए बोलीं।
आप को आरएसएस की पार्टी बताया
प्रियंका गांधी ने कहा कि आम आदमी पार्टी आरएसएस से निकली है। केजरीवाल बस आम आदमी का नारा देते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि उन्होंने आम आदमी के लिए किया क्या। दिल्ली मॉडल और गुजरात मॉडल में कोई असमानता नहीं है। दोनों सिर्फ़ विज्ञापनों में दिखे। दिल्ली में सिर्फ़ शिक्षा और स्वास्थ्य कोई काम नहीं हुआ।
राहुल गांधी के सवाल पर बोलीं बड़ी बात
भाई के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में प्रियंका गांधी ने शानदार जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मैं अपने भाई राहुल गांधी के लिए जान दे सकती हूं और वह भी मेरे लिए ऐसा कर सकते हैं। हम दोनों भाई-बहन एक दूसरे के पूरक हैं और हमेशा एक साथ ही नज़र आएंगे। मौत ही जुदा कर सकती है, ऐसा रिश्ता है हमारा।
प्रियंका गांधी का पहला पंजाब दौरा
पंजाब कांग्रेस चीफ़ नवजोत सिद्धू और CM चरणजीत चन्नी भी प्रियंका गांधी के साथ दिखे। उन्होंने बताया कि पंजाब चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी का यह पहला दौरा है। राहुल गांधी 2 बार पंजाब आ चुके हैं। पहली बार में वह अमृतसर गए, फिर जालंधर से वर्चुअल रैली की। इसके बाद लुधियाना आकर चन्नी को CM चेहरा घोषित किया।
नवजोत सिद्धू बोले- यूथ आइकॉन
प्रियंका गांधी के आने से पहले पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने उन्हें यूथ आइकॉन, रोल मॉडल और क्वीन ऑफ़ हार्ट्स कहा। बता दें कि सिद्धू को राहुल गांधी ने झटका देते हुए CM चेहरा नहीं बनाया। लेकिन प्रियंका के ज़रिए वह कांग्रेस हाईकमान की गुडबुक में बने रहना चाहते हैं। इसके ज़रिए उनका लक्ष्य पंजाब कांग्रेस में दबदबे के साथ राजनीतिक भविष्य के लिए रास्ते खुले रखने की है।