ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) और निक जोनस (Nick Jonas) ने तीन महीने पहले इस साल की शुरुआत में घोषणा की थी कि उन्होंने सरोगेसी के जरिए अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है। उस समय कपल ने अपनी अनाउंसमेंट में यह कंफर्म नहीं किया था कि उन्हें बेटा हुआ है या बेटी। हालांकि, बाद में यह पता चला कि दोनों एक बच्ची के माता-पिता बने हैं। अब बेटी के जन्म के तीन महीने बाद एक रिपोर्ट के अनुसार प्रियंका-निक ने अपनी बेटी का नाम भी चुन लिया है।
बर्थ सर्टिफिकेट से नाम का हुआ खुलासा
प्रियंका की बेटी के नाम का खुलासा उसके बर्थ सर्टिफिकेट से हुआ है। TMZ के अनुसार, कथित तौर पर प्रियंका और निक की बेटी का बर्थ सर्टिफिकेट उसने हासिल किया है और उस पर जो नाम लिखा है वो है- मालती मैरी चोपड़ा जोनस (Malti Marie Chopra Jonas)। प्रियंका की बेटी 15 जनवरी को रात 8 बजे कैलिफोर्निया के सैन डियागो में पैदा हुई थी।
जनवरी में मां बनी थीं प्रियंका
39 वर्षीय अभिनेत्री और 29 वर्षीय जोनस ने सोशल मीडिया पर 22 जनवरी को यह खुशखबरी अपने फैंस के साथ शेयर की थी। नए-नवेले माता-पिता ने इंस्टाग्राम पर लिखा था कि हमें यह पुष्टि करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमने सरोगेसी के माध्यम से एक बच्चे का स्वागत किया है।
आपको बता दें कि मालती शब्द संस्कृत से लिया गया है। मालती का मतलब सुगंधित फूल (fragrant flower) या चांदनी (moonlight) भी होता है। हालांकि प्रियंका या निक की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।