नई दिल्ली, 10 जून
पूरा उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू में चिलचिलाती व कड़कती धूप लोगों की परेशानी का सबब बनी हुई है। पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में सबको बारिश का बेसब्री से इंतज़ार है। हर कोई टकटकी लगाए आसमान की तरफ देख रहा कि कब राहत की बूंदें टपके। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार चंडीगढ़ में 11 जून को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जबकि पंजाब में 12 व हरियाणा में 13 से 16 जून के बीच बारिश की संभावना है। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट आ जा ने से लोगों को गर्मी से थोड़ी बहुत राहत मिली तथा दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने से तेज़ हवाएं चलने का अनुमान है। जिससे मौसम और ठंडा होने की उम्मीद जताई जा सकती है। मौसम विभाग ने जानकारी देते बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और अधिकतम तापमान के 42 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आने वाले सप्ताह में गरज के साथ बौछारें पडऩे और बारिश होने की संभावना है। आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधि के कारण दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बारिश का अनुमान है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आद्र्रता का स्तर 74 फीसदी रहा।
आईएमडी ने कहा कि बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री दर्ज किया गया जो इस साल का उच्चतम न्यूनतम तापमान था, जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा। अगर पंजाब की बात करें तो पंजाब में कई जिलों में पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार पटियाला सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। गर्म हवाओं से लोग बेचैन हैं। जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा आदि तापमान 40 के पार पहुंच गया है। कुछ शहरों में दोपहर को लू चलने लगी है। तरनतारन में तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस है।