AAP Jalandhar Central Leadership Change : आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब की सियासत में एक अहम कदम उठाते हुए जालंधर (Jalandhar) के उद्योगपति और पंजाब हॉकी के प्रधान नितिन कोहली (Nitin Kohli) को पार्टी में शामिल कर लिया है। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलवाई और साथ ही जालंधर सेंट्रल (Jalandhar Central) हलके का इंचार्ज भी नियुक्त किया गया। अब नितिन कोहली यहां दफ्तर खोलकर लोगों की समस्याएं सीधे सुनेंगे।
यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब इसी हलके के विधायक रमन अरोड़ा (Raman Arora) को हाल ही में विजिलेंस ब्यूरो द्वारा करप्शन केस में गिरफ्तार किया गया था। इस गिरफ़्तारी के बाद से ही राजनीतिक हलकों में चर्चा थी कि आम आदमी पार्टी अब यहां नए चेहरे को आगे लाने की तैयारी कर रही है। पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।
पार्टी ने नितिन को जिम्मेदारी देकर स्थिति को साफ कर दिया है। जब मीडिया ने आम आदमी पार्टी के मंत्री और वरिष्ठ नेता अमन अरोड़ा (Aman Arora) से पूछा कि रमन अरोड़ा अब विधायक बने रहेंगे या नहीं, तो उन्होंने कहा कि पार्टी की सरकार ने खुद रमन अरोड़ा पर केस दर्ज कर उन्हें जेल भिजवाया। इससे स्पष्ट होता है कि पार्टी अब उनकी जगह किसी और को आगे लाना चाहती है और नितिन कोहली को सौंपी गई जिम्मेदारी इसी दिशा में कदम है।
अमन अरोड़ा ने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में पार्टी अपने और विरोधियों में फर्क नहीं करती। सही और गलत का भेद देखकर ही पार्टी फैसले लेती है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति पार्टी लाइन और नियमों से हटकर कोई काम करेगा, उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। विपक्ष क्या कहता है, वह मायने नहीं रखता, बल्कि जनता में क्या संदेश जाता है, वही जरूरी है।
पार्टी प्रभारी मनीष सिसोदिया ने भी स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी में किसी का बचाव नहीं होगा। पार्टी ईमानदारी और जवाबदेही की राजनीति पर चलती है, और जो भी इसके विपरीत जाएगा, उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
नितिन कोहली की एंट्री और नई जिम्मेदारी से जालंधर सेंट्रल में पार्टी की रणनीति को नई धार मिली है। पार्टी की ओर से यह संकेत भी साफ है कि 2027 के चुनावों में वे पूरी तैयारी और पारदर्शिता के साथ मैदान में उतरेंगे।






