Hathras Stampede: हाथरस में दो जुलाई को नारायण साकार हरि उर्फ सूरजपाल उर्फ भोले बाबा के सत्संग में मची भगदड़ में 112 लोगों की मौत गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी देवप्रकाश मधुकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर चुका है और अब पुलिस की रडार पर नारायण साकार हरि है। यूपी पुलिस सूत्रों के मुताबिक जरूरत पड़ने पर बाबा सूरजपाल को भी समन भेजा जाएगा। पुलिस बाबा को समन के जरिए जांच में शामिल होने के लिए बोल सकती है।
यूपी पुलिस के सूत्रों ने बताया कि पुलिस मुख्य आरोपी देवप्रकाश मधुकर की भी रिमांड मांगेगी। सत्संग में भगदड़ मचने के बाद देवप्रकाश मधुकर दिल्ली भाग गया था और उत्तर प्रदेश पुलिस ने उसे शुक्रवार देर रात अपनी हिरासत में लिया। मधुकर पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में बाबा अभी भी लापता है। पुलिस की टीम कई बार बाबा के आश्रम में जा चुकी है, लेकिन बाबा का कोई पता नहीं लग पाया है।








