अबोहर (The News Air) पंजाब के अबोहर स्थित गांव किल्लियांवाली में आज एक व्यक्ति की हरा चारा काटते समय हाथ की पांचों अंगुलियां कट गईं, जिसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार करीब 40 वर्षीय पाला राम पुत्र बहादुर राम दो लड़की एवं एक लड़के का पिता है। आज पशुओं के लिए हरा चारा काट रहा था। चारा काटने वाली मशीन में उसका हाथ आने से पांचों अंगुलियां कट गईं। परिजन तुरंत उसे सरकारी अस्पताल में लाए, जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे फरीदकोट रेफर कर दिया।
प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार
इधर, रोते बिलखते हुए पाला राम ने कहा कि वह गरीब मजदूर आदमी है। बड़ी मुश्किल से अपने घर का गुजारा करता है। अब एक हाथ की अंगुलियां कटने से मोहताज हो गया है। इसलिए प्रशासन उसे मुआवजा जारी करे ताकि उसके परिवार की कुछ आर्थिक मदद हो सके। इधर डॉक्टर धर्मवीर अरोड़ा ने कहा कि पाला राम की एक हाथ की सभी अंगुलियां कटने से ब्लड अधिक बह गया, जिस कारण उसे रेफर करना पड़ा।






