The News Air- चंडीगढ़-पंजाब से राज्यसभा की खाली हो रही 5 सीटों के लिए नामांकन का कल अंतिम दिन है। हालांकि अभी तक आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। पंजाब के विधानसभा चुनाव में आप ने 117 में से 92 सीटें जीती हैं। जिस वजह से राज्यसभा की सभी 5 सीटों पर उनके उम्मीदवार जीतने तय हैं।
वहीं आप की देरी को अब विरोधी निशाना साधने लगे हैं। पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) के मुख्य प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियेवाल ने इस पर सवाल उठाए। उन्होंने भगवंत मान को कहा कि पंजाबियों ने उन पर भरोसा दिखाया है। उम्मीद है वह पंजाबियों को नॉमिनेट करवाकर इसे कायम रखेंगे।
कैप्टन अमरिंदर सिंह पार्टी के मुख्य प्रवक्ता का ट्वीट
हरभजन, चड्ढा और पाठक के नाम चर्चा में
पंजाब से राज्यसभा के लिए फिलहाल 3 नाम चर्चा में हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी की तरफ से इसकी औपचारिक घोषणा या पुष्टि नहीं की गई है।
- पहला नाम क्रिकेटर हरभजन सिंह का है। हरभजन ने कुछ महीने पहले क्रिकेट से सन्यास लिया। वह CM भगवंत मान के करीबी हैं। उन्हें स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की कमान सौंपने की भी तैयारी है।
- दूसरा नाम राघव चड्ढा का है। इस वक्त वह दिल्ली से MLA हैं। हालांकि पंजाब चुनाव में उन्होंने पार्टी के सहप्रभारी के तौर पर काम किया। जिसमें उनकी रणनीति की बदौलत आप को बड़ी जीत हासिल हुई।
- तीसरा नाम दिल्ली IIT के प्रोफेसर संदीप पाठक का है। प्रोफेसर पाठक ने पंजाब चुनाव के दौरान पर्दे के पीछे रहकर AAP की जीत की रणनीति में अहम भूमिका निभाई है।
पूर्व कांग्रेसी मंत्री कंग भी ठोक रहे दावा
पूर्व कांग्रेसी मंत्री जगमोहन कंग भी राज्यसभा सीट के लिए दावा ठोक रहे हैं। पिछले विस चुनाव में कांग्रेस ने उनकी टिकट काट दी थी। जिसके बाद वह आप में शामिल हो गए।