The News Air- (चंडीगढ़) आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल का चंडीगढ़ में विक्ट्री मार्च शुरू हो गया है। यह मार्च सेक्टर 22 की अरोमा लाइट से निकाला जा रहा है। जो सेक्टर 23 लाइटों तक जाएगा। इससे पहले चंडीगढ़ पहुंचकर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों ने आम आदमी पार्टी की ईमानदार राजनीति पर भरोसा किया। पहले चुनाव में ही हमें जिता दिया।
हम भरोसा देते हैं कि जैसे दिल्ली को संवारा है, उसी तरह चंडीगढ़ को भी संवारेगे। केजरीवाल ने कहा कि मेयर के बारे में जल्द बताएंगे। इस दौरान वह ट्रांसपोर्टर से भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के लोगों का शुक्रिया अदा करने आया हूं।
चंडीगढ़ के बाद केजरीवाल कल पटियाला जाएंगे, जहां शांति मार्च निकाला जा रहा है। नया साल वह अमृतसर में मनाएंगे। केजरीवाल का चंडीगढ़-पंजाब का 3 दिन का दौरा पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 से जुड़ा हुआ है।
पहली बार में ही धमाकेदार एंट्री
आम आदमी पार्टी ने पहली बार चंडीगढ़ नगर निगम का चुनाव लड़ा। 35 वार्डों के लिए हुए चुनाव में AAP ने 14 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया। निगम की सत्ता पर रही भाजपा 12 सीटें ही जीत सकी। चुनाव में AAP के प्रति लोगों का समर्थन इस तरह रहा कि भाजपा के मौजूदा मेयर तक हार गए।
पंजाब चुनाव के चलते मार्च की योजना
चंडीगढ़ निगम में 14 पार्षद चुने जाने के बाद सभी पार्षदों को दिल्ली बुलाने की योजना थी। लेकिन इससे केजरीवाल चंडीगढ़ में पार्टी की जीत को पंजाब चुनाव के लिहाज़ से भुना नहीं पाते। इसलिए केजरीवाल ही चंडीगढ़ आ गए और यहां मार्च निकाला जा रहा है।
मेयर को लेकर चल रहा घमासान
चंडीगढ़ नगर निगम में किसी एक पार्टी को बहुमत न मिलने से मेयर पद को लेकर घमासान मचा हुआ है। 35 वार्ड वाले निगम में आप को 14, भाजपा को 12 और कांग्रेस को 8 सीटें मिली हैं। मेयर बनाने के बहुमत के लिए 19 सीटों की ज़रूरत है। ऐसे में आप सबसे बड़े दल की वजह से मेयर पद का दावा ठोक रही है। वहीं भाजपा का कहना है कि उनके पास सांसद समेत कुल 13 वोट हैं, ऐसे में वह भी मेयर बनाने की कोशिश करेंगे। हालांकि इस मामले में कांग्रेस किसके हक़ में जाएगी, इसको लेकर सबकी नज़र टिकी हुई है।