The News Air –(नई दिल्ली) सोनू सूद के बाद दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिले। इस मुलाक़ात के बाद क़यास लगाए जा रहे हैं WWE जैसी इंटरनेशनल फाइट लड़ने वाले पहलवान खली राजनीति में आ सकते हैं। मगर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
खली CM अरविंद केजरीवाल से दिल्ली में मिले। अरविंद केजरीवाल ने ख़ुद दोनों के फ़ोटो सोशल मीडिया पर शेयर करके लिखा है कि पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन करने वाले रेसलर द ग्रेट खली जी से आज मुलाक़ात हुई। दिल्ली में बिजली पानी, स्कूल, अस्पताल में किए गए कार्य उन्हें काफ़ी पसंद आए हैं।
अब यह सभी काम पंजाब में भी करने हैं और हम सभी मिलकर पंजाब को बदलेंगे। इस मुलाक़ात से पंजाब की सियासत गर्मा गई है। क़यास लगाए जा रहे हैं कि द ग्रेट खली पंजाब की राजनीति में एंट्री कर सकते हैं और आम आदमी पार्टी उन्हें अपनी तरफ़ करने में जुटी है।
दोआबा में चेहरे की तलाश में है पार्टी
द ग्रेट खली का दोआबा की राजनीति में अच्छा प्रभाव हो सकता है। वह जालंधर में ही रहते हैं और यहीं के एक गांव में एकेडमी चलाते हैं। जिस कारण अरविंद केजरीवाल उन्हें पार्टी में शामिल कर सकते हैं। वह देश के अलावा विदेशों में भी चर्चित हैं। आम आदमी पार्टी पहले भी पॉलीवुड के स्टार्स और पंजाबी गायकी में नाम कमा चुके कलाकारों को पार्टी में मौक़ा दे चुकी है और इसलिए क़यास लगाए जा रहे हैं कि द ग्रेट खली पार्टी का हिस्सा हो सकते हैं।
कौन हैं द ग्रेट खली
दिलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली का जन्म हिमाचल प्रदेश के गांव धिराना में 1972 में हुआ था। बेहद ग़रीब परिवार में जन्मे दिलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली ने नंगे पाँव मज़दूरी भी की है। शिमला में वह सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम कर रहे थे, तभी उन्हें एक पुलिस अधिकारी अपने साथ लाए और जालंधर में पुलिस विभाग में नौकरी पर लगवा दिया। इसके बाद वह इंटरनेशनल एकेडमी में चले गए थे और वहाँ पर पहले भारत के रेसलर थे और उन्होंने इंटरनेशनल चैम्पियनशिप जीती थी।
पंजाब पुलिस के मुलाज़िम रहे हैं खली
दलीप सिंह राणा उर्फ ग्रेट खली पंजाब पुलिस जालंधर में सिपाही रहे हैं, लेकिन इंटरनेशनल रेस्लिंग में जाने के बाद उन्होंने पंजाब पुलिस की नौकरी छोड़ी दी थी। रेस्लिंग के अलावा वह दो हॉलीवुड और दो बॉलीवुड की फ़िल्मों के साथ-साथ कई सीरियल में काम कर चुके हैं और कई वीडियो विज्ञापन में भी नज़र आए हैं। वह पंजाब में जाने जाते हैं और पार्टी उनकी शौहरत को कैश करना चाहती है।
जालंधर में खोली एकेडमी
WWE में नाम कमाने वाले दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली ट्रेनर भी हैं। वे अब देश के लिए रेसलिंग के नए सुपरस्टार्स की खोज कर रहे हैं। खली ने जालंधर के पास कंगनीवाल गांव में अपनी रेसलिंग अकादमी शुरू की। यहां वे अपनी तरह ही वर्ल्ड रेसलिंग एंटरनेटमेंट (डब्ल्यूडब्ल्यूई) के लिए युवाओं के प्रशिक्षित कर रहे हैं। उनके स्टूडेंट्स को WWE से ऑफर भी मिल चुका है। उन्होंने नवंबर 2014 में डब्ल्यूडब्ल्यूई को अलविदा कह दिया था।