The News Air – हरियाणा की एक अंतरराष्ट्रीय महिला बॉक्सर ने पति पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला बॉक्सर का आरोप है कि पति उसके साथ मारपीट करता है और उसका यौन शोषण भी किया। पुलिस ने शिकायत पर पति और अन्य ससुरालियों के ख़िलाफ़ मारपीट, दहेज़ प्रताड़ना, यौन उत्पीड़न के आरोप में केस दर्ज़ किया है। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ़्तारी नहीं हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में अंतरराष्ट्रीय महिला बॉक्सर ने बताया कि उसकी शादी इसी साल 9 महीने पहले हुई थी। उसका पति बैंक में कार्यरत है। शादी के समय दिए गए दहेज़ से उसका पति और ससुराल के लोग ख़ुश नहीं हैं। शादी के बाद से ही उसे दहेज़ के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उसे अलग-अलग तरह से यातनाएं दी जा रही हैं। पीड़ित बॉक्सर का आरोप है कि शादी में उसके परिवार ने 60 लाख रुपए का खर्चा किया था। अब उसका पति फॉर्च्यूनर गाड़ी, हीरे की अंगूठी और कैश की डिमांड कर रहा है।
दहेज़ की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने उसका यौन उत्पीड़न भी किया। महिला खिलाड़ी के अनुसार उसके ससुरालवालों ने दहेज़ में मिले और उसके अन्य सामान पर कब्ज़ा कर लिया। उसे मारपीट कर ससुराल से निकाल दिया। ससुराल में उसके पति के साथ-साथ सास और ससुर भी उसके साथ बुरा व्यवहार करते हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति, ससुर और सास के ख़िलाफ़ मारपीट, दहेज़ प्रताड़ना, यौन उत्पीड़न की धारा 323, 34, 354,376,377,406,498,500 व 506 के तहत केस दर्ज़ कर लिया है। अभी मामले में किसी की गिरफ़्तारी नहीं हुई है।