The News Air – (चंडीगढ़) केरल के कोझिकोड में एक प्रेमी ने एक युवती को आग लगा दी। उसके बाद उसने ख़ुद को भी आग लगा ली। दोनों को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (KMCH) में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से झुलसने के कारण दोनों की मौत हो गई है। युवती की मौत शुक्रवार शाम और युवक की मौत शनिवार सुबह हुई।
नंदू मोहन (26) ने शुक्रवार को कृष्ण प्रिया मनोज (22) के ऑफ़िस के बाहर पहुंचकर पहले उसे ज़बरदस्ती गले लगाया, फिर उसे चाकू मारा। इसके बाद उसने युवती पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। कृष्ण प्रिया थिक्काड़ी ग्राम पंचायत में अस्थायी स्टाफ़ के तौर पर काम करने करती थीं। इसके बाद युवक ने ख़ुद पर भी पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया
स्थानीय लोगों ने मौक़े पर पहुंचकर दोनों पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया लेकिन शाम को ही युवती की मौत हो गई। नंदू और कृष्ण प्रिया स्थानीय रहवासी थे और रिलेशनशिप में थे। नंदू दिहाड़ी मज़दूरी का काम करता था, जबकि कृष्ण प्रिया को पंचायत ऑफ़िस में प्लानिंग विभाग में प्रोजेक्ट असिसटेंट के तौर पर नियुक्त किया गया था।
रिश्ते की बात नहीं बनी तो आग लगा दी
कृष्ण प्रिया के परिवार ने कहा कि दोनों के रिलेशनशिप में कुछ दिक्क़तें थीं। नंदू दो दिन पहले ही कृष्ण प्रिया के घर पर रिश्ते की बात करने गया था। कृष्ण प्रिया के घरवालों ने कुछ और दिन सोचने का समय मांगा था। पय्योली पुलिस इंस्पेक्टर केसी सुभाष ने कहा कि युवती का शरीर 98% और युवक का शरीर 95% झुलस गया था। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शरीर उनके परिवार वालों को सौंप दिए जाएंगे।