The News Air- कोरोना से बचने के लिए मास्क बेहद ज़रूरी है, क्योंकि ये वायरस को आपके शरीर में जाने से रोकता है। इसलिए बाज़ार में अलग-अलग तरह के मास्क बिक रहे हैं, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स N95 मास्क पहनने की सलाह दे रहे हैं। ऐसे में दुकानों और ई-कॉमर्स वेबसाइट पर ढेरों नक़ली N95 मास्क की बिक्री हो रही है।
लोग असली N95 मास्क के पैसे तो दे रहे हैं, लेकिन बदले में उन्हें कई बार नक़ली N95 मास्क मिल जाता हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि इस बात का पता कैसे चलेगा कि आपने जो N95 मास्क ख़रीदा है वो असली हैं या नक़ली? ज़रूरत की ख़बर में आज हम आपको इसका तरीक़ा बताएंगे।
क्या होता है N95 मास्क
N95 मास्क बाज़ार में बिकने वाले बाक़ी मास्क की तुलना में थोड़ा महंगा होता है, लेकिन ये ज़्यादा इफेक्टिव होता है। US फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, N95 को इस तरह से बनाया जाता है कि कोई भी एयर बोर्न पार्टिकल्स शरीर के अंदर न जाए और संक्रमण कम से कम फैले।
N95 मास्क लगाने से कितनी सुरक्षा मिलती है?
N95 कोरोना काल में सबसे बेहतर मास्क माना जा रहा है। ये आपके मुंह और नाक पर आसानी से फिट हो जाता है और हवा में मौजूद 95% कणों को शरीर में जाने से रोकता है। इसलिए इसे N95 मास्क कहते हैं। ये मास्क बैक्टीरिया और धूल से 100% बचाता है। कोरोना वायरस के कण डायमीटर में 0.12 माइक्रोन होते हैं और CDC के अनुसार, ये मास्क 0.1 से 0.3 माइक्रोन के कण को शरीर में जाने से रोकता है।
(भारत के ICMR की तरह अमेरिका की स्वास्थ्य एजेंसी है CDC (सेंटर्स फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन) और NIOSH (नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर ऑक्यूपेशनल सेफ्टी एंड हेल्थ) CDC का हिस्सा है।)
कितने तरीक़े के होते हैं N95 मास्क
N95 मास्क चार अलग-अलग तरीक़े के होते हैं। पहला है रेगुलर N95 मास्क, जिसका इस्तेमाल ऑफ़िस या डेली यूज़ में किया जाता है, लेकिन एक बार गंदा हो जाने के बाद इसे दोबारा यूज़ नहीं किया जा सकता है। दूसरा है वॉशेबल N95 मास्क, जिसका इस्तेमाल करने के बाद इसे धोकर दोबारा यूज़ किया जा सकता है। इसी तरह तीसरा N95 मास्क बच्चों के लिए आता है, जिसे धोया नहीं जा सकता है। चौथा N95 मास्क बच्चों के लिए आता है जो वॉशेबल होता है। इसे धोकर दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।
N95 मास्क की क़ीमत कितनी होती है?
- रेगुलर N95 मास्क की क़ीमत 200 से 300 रु. के बीच होती है।
- वॉशेबल N95 मास्क की क़ीमत 250 से 450 रु. के बीच होती है।
- बच्चों के N95 मास्क की क़ीमत 150 से 250 रु. के बीच होती है।
- बच्चों के वॉशेबल N95 मास्क की क़ीमत 200-350 के बीच होती है।