America India Trade Deal को लेकर पंजाब की राजनीति में तीखी बयानबाज़ी सामने आई है। चंडीगढ़ में मीडिया से बात करते हुए पंजाब बीजेपी प्रधान Sunil Jakhar ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर संतुष्टि जताई और कहा कि इसमें देश के साथ-साथ पंजाब के किसानों, मजदूरों और उद्योगों के हितों की पूरी रक्षा की गई है। साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।
जाखड़ ने कहा कि इस अहम डील पर न तो Aam Aadmi Party की तरफ से कोई ठोस बयान आया और न ही मुख्यमंत्री की ओर से कोई प्रतिक्रिया देखने को मिली। उनका तंज था कि मुख्यमंत्री अपने वीजा रद्द होने के सदमे में हैं, जबकि कांग्रेस में मुख्यमंत्री की कुर्सी की दौड़ में पिछड़े नेता ही बयान दे रहे हैं।
‘मैं पहले हिंदुस्तानी, फिर किसान’
सुनील जाखड़ ने कहा कि इंडिया-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर किसानों में कई तरह की आशंकाएं थीं, खासकर अमेरिका में किसानों को मिलने वाली भारी सब्सिडी को लेकर। लेकिन भारत सरकार ने हर बिंदु पर पहरा दिया और किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं होने दिया।
उन्होंने कहा, “मैं पहले हिंदुस्तानी हूं, फिर पंजाबी और उसके बाद किसान। इस समझौते में देशहित सर्वोपरि रखा गया है।” जाखड़ ने कहा कि विपक्ष को आलोचना की बजाय सरकार की सराहना करनी चाहिए थी, लेकिन किसी ने जिम्मेदारी नहीं दिखाई।
AAP और कांग्रेस पर सीधा तंज
बीजेपी प्रधान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से इस डील पर अच्छा या बुरा कोई भी बयान सामने नहीं आया। मुख्यमंत्री की चुप्पी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि शायद वे वीजा के चक्कर में उलझे हैं।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए जाखड़ ने कहा कि पार्टी की पूरी लीडरशिप खामोश है। सिर्फ वही नेता बोल रहे हैं, जो खुद को मुख्यमंत्री की रेस में पिछड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने बड़े राष्ट्रीय मुद्दे पर विपक्ष ने जिम्मेदार भूमिका नहीं निभाई।
IAS अफसरों के निलंबन पर सवाल
सुनील जाखड़ ने पंजाब सरकार द्वारा दो आईएएस अधिकारियों को सस्पेंड किए जाने पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ब्यूरोक्रेसी लोकतंत्र की “आयरन फ्रेम” होती है और उसे राजनीतिक दबाव या सौदेबाजी का शिकार नहीं बनाया जाना चाहिए।
जाखड़ ने आरोप लगाया कि अगर अधिकारियों को इसलिए सस्पेंड किया गया क्योंकि वे सरकार की मनमानी लेनदेन पर सहमत नहीं थे, तो यह बेहद खतरनाक संकेत है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री संज्ञान लें और निष्पक्ष जांच कराई जाए। चीफ सेक्रेटरी और मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।
‘सरकार बाहर वाले चला रहे हैं’
बीजेपी प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब की सरकार असल में बाहर से चलाई जा रही है और मुख्यमंत्री सिर्फ चेहरा बनकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का आपराधिक इतिहास रहा है, वे अगर प्रशासनिक ढांचे को प्रभावित करेंगे, तो यह राज्य के भविष्य के लिए बेहद नुकसानदायक होगा।
संसद में पंजाब के मुद्दे क्यों नहीं उठे
जाखड़ ने पंजाब के सांसदों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि संसद के भीतर पंजाब से जुड़े गंभीर मुद्दे नहीं उठाए गए। सांसद सिर्फ बैठकर समय काटते रहे, जबकि राज्य कई चुनौतियों से जूझ रहा है।
मुख्य बातें (Key Points)
- सुनील जाखड़ ने इंडिया-अमेरिका ट्रेड डील को किसानों के हित में बताया।
- AAP और कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाए।
- मुख्यमंत्री पर वीजा रद्द होने के सदमे में होने का तंज।
- दो IAS अफसरों के निलंबन पर केंद्र से हस्तक्षेप की मांग।








