India US Trade Deal: पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने सोमवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने इस समझौते को किसान विरोधी बताते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। वहीं, विधायक सुखपाल सिंह खैरा के घर पर हुए बुलडोजर एक्शन को उन्होंने पंजाब सरकार की “खुली गुंडागर्दी” करार दिया।
परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए वचनबद्ध रही है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह किसान विरोधी नीतियों को आगे बढ़ा रही है।
India-US Trade Deal से किसानों को खतरा
परगट सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह समझौता पंजाब और देश के किसानों को बर्बाद करने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा, “इस समझौते के तहत जब विदेशी उपकरण और फसलें शून्य या बेहद कम टैरिफ पर देश में आएंगी, तो पंजाब और देश के छोटे व मध्यम किसान उनका मुकाबला नहीं कर पाएंगे।”
उन्होंने कहा कि देश में अधिकतर किसान छोटे और मध्यम खेती वाले हैं, जिनके पास विदेशी कंपनियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता नहीं है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तुरंत इस फैसले को वापस ले, ताकि किसानों को बर्बाद होने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि पहले तीन काले कानून और फिर बाढ़ ने पहले ही किसानों का बहुत नुकसान किया है, अब और नुकसान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
सुखपाल खैरा के घर बुलडोजर एक्शन पर हमला
परगट सिंह ने विधायक सुखपाल सिंह खैरा के घर पर की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा, “यह मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सरकार की खुली गुंडागर्दी है। पंजाब सरकार अब अपनी सारी हदें पार कर चुकी है।”
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग सरकार की हर धक्केशाही को देख रहे हैं और जल्द ही इसका जवाब देंगे। यह पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस ने खैरा के समर्थन में आवाज उठाई है। इससे पहले भी पार्टी ने इस कार्रवाई की निंदा की थी।
पंजाब की सियासत गरमाई
परगट सिंह के इन बयानों से पंजाब की सियासत और गरमा गई है। एक तरफ कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ किसानों के मुद्दे पर सड़क पर उतरी है, वहीं राज्य सरकार के खिलाफ भी उसने मोर्चा खोल दिया है। खैरा के घर बुलडोजर एक्शन को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। वहीं, केंद्र सरकार से किसानों के हितों की रक्षा की मांग को लेकर यह ज्ञापन राजनीतिक महत्व रखता है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह किसानों और व्यापारियों के अधिकारों के खिलाफ किसी भी नीति को कबूल नहीं करेगी।
मुख्य बातें (Key Points)
पंजाब कांग्रेस नेता परगट सिंह ने India-US Trade Deal के खिलाफ DC को ज्ञापन सौंपा।
समझौते को किसान विरोधी बताते हुए केंद्र सरकार से तुरंत वापस लेने की मांग की।
विधायक सुखपाल खैरा के घर बुलडोजर एक्शन को पंजाब सरकार की गुंडागर्दी करार दिया।
कांग्रेस ने किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के हितों की रक्षा का भरोसा दिलाया।








