The News Air- पंजाब विधानसभा की 117 सीटों पर 1304 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव आयोग की तरफ़ से उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट जारी कर दी गई है। इसमें सबसे ज़्यादा 19-19 उम्मीदवार लुधियाना ज़िले के साहनेवाल और पटियाला देहाती क्षेत्र में हैं। वहीं सबसे कम 5 उम्मीदवार दीनानगर से हैं। जहां कांग्रेसी मंत्री अरुणा चौधरी चुनाव मैदान में है।
पंजाब के मुख्य चुनाव अफ़सर डॉ. करुणा राजू ने बताया कि उन्हें 2,266 नामांकन मिले थे। इनकी पड़ताल के दौरान 588 नामांकन रद्द कर दिए गए। इसके बाद बचे 1645 में से 341 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद 1304 उम्मीदवार रह गए हैं। पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होगा। 10 मार्च को मतगणना होगी।
दिग्गजों की सीट का हाल
अमृतसर ईस्ट : यहां से 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पंजाब कांग्रेस चीफ़ नवजोत सिद्धू और अकाली दिग्गज बिक्रम मजीठिया के चुनाव लड़ने की वजह से यह सीट चर्चा में है।
पटियाला अर्बन : यहां से पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कुल 17 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। आप ने पूर्व मेयर अजीतपाल कोहली और कांग्रेस ने पूर्व मेयर विष्णु शर्मा को यहां से टिकट दी है।
जलालाबाद : यहां से 15 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जलालाबाद से अकाली-बसपा गठजोड़ के सीएम चेहरे सुखबीर बादल चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने मोहन सिंह फलियांवाल और आम आदमी पार्टी ने जगदीप कंबोज को टिकट दी है।
धूरी : यहां से आम आदमी पार्टी के सीएम चेहरे भगवंत मान चुनाव लड़ रहे हैं। यहां से कुल 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। अकाली दल ने प्रकाश चंद गर्ग और कांग्रेस ने दलवीर सिंह गोल्डी को टिकट दी है।
चमकौर साहिब : यहां से मौजूदा सीएम चरणजीत चन्नी कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। इस सीट से 9 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने यहां से चरणजीत सिंह और अकाली दल-बसपा गठबंधन ने हरमोहन सिंह को टिकट दी है।
भदौड़ : यहां से 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। CM चरणजीत चन्नी चमकौर साहिब के अलावा इस सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने यहां से लाभ सिंह उघोके और अकाली दल ने सतनाम सिंह राही को टिकट दी है।
लंबी : यहां से पंजाब के 5 बार सीएम रह चुके प्रकाश सिंह बादल चुनाव मैदान में हैं। आप ने गुरमीत खुडि्डयां और कांग्रेस ने जगपाल सिंह अबुलखुराना को टिकट दी है। इस सीट से 7 उम्मीदवार मैदान में हैं।