Weather and Heat Wave Updates: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। हर रोज तापमान में हो रही बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। इस बीच, मौसम विभाग ने आज गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि बारिश होने की वजह से आज से लेकर आने वाले दिनों में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज यानी गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। जबकि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहेगा। IMD ने कहा कि आज दिल्ली के मौसम में बदलाव आएगा, क्योंकि दिन में हल्की बारिश और तेज गति से हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर सहित कुछ अन्य राज्यों में भी हल्की बारिश होने के आसार हैं।
इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 14 अप्रैल से 16 अप्रैल 2022 के बीच असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं, अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा आज तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल और केरल के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहने का अनुमान
मौसम विभाग ने कहा कि आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बीच अगले दो से तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। IMD ने बताया है कि दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में बारिश के कारण तापमान में कम से कम 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जाएगी। दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी।
दिल्ली की गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड
बता दें कि दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिमी भारत के कई राज्यों में मार्च महीने से ही भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। दिल्ली, राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से दिन के समय तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। इस साल मार्च महीने के शुरुआती दिनों में ही रिकॉर्ड गर्मी पड़ रही है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजधानी दिल्ली में इस साल अप्रैल में 12 साल में सबसे अधिक अब तक पांच दिन ऐसे दर्ज किए गए हैं जब भीषण लू चली है। इससे पहले अप्रैल, 2017 में ऐसे चार दिन दर्ज किए थे।
राजधानी में 21 अप्रैल, 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। महीने का अब तक का उच्चतम अधिकतम तापमान 29 अप्रैल, 1941 को 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में सोमवार को 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।