The News Air: सोने और चांदी में सोमवार को हल्की तेजी दिखी। कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स पर सोना दिन में 11:21 बजे 0.09 फीसदी की तेजी के साथ 52,116 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। हालांकि, इससे पहले इसमें हल्की नरमी दिखी थी। इसका भाव 52,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। लेकिन, यह जल्द हरे निशान में आने में कामयाब हो गया। इससे पहले लगातार तीन दिन सोने में तेजी थी। एमसीएक्स पर चांदी का भाव 0.16 फीसदी की तेजी के साथ 67,100 रुपये प्रति किलोग्राम था।
अमेरिकी डॉलर इंडेक्स 99.88 पर बना हुआ है। शुक्रवार को यह 100 के पार चला गया था। दो साल में पहली बार ऐसा हुआ था। डॉलर में मजबूती से भारत जैसे देशों में सोने की चमक घट जाती है। इसकी वजह यह है कि गोल्ड इंपोर्ट महंगा हो जाता है। इंडिया अपनी जरूरत के ज्यादातर हिस्से के गोल्ड का इंपोर्ट करता है।
सोने की चाल यूक्रेन क्राइसिस पर निर्भर करेगी। इस क्राइसिस को खत्म करने की कोशिशें जारी हैं। आस्ट्रिया के चांसलर इस मसले पर बातचीत के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने वाले हैं। अगर यह क्राइसिस खत्म होती है तो सोने में नरमी देखने को मिल सकती है।