The News Air- (जयपुर) राजस्थान (Rajasthan) की गहलोत सरकार में आज तीन साल में पहली बार फेरबदल हुआ है। नए मंत्रियों को राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र शपथ दिला रहे हैं। सबसे पहले हेमा राम चौधरी को शपथ दिलाई गई। वे सचिन पायलट गुट के माने जाते हैं। इसके बाद रामलाल जाट ने शपथ ली। डॉ. महेश जोशी को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है राजस्थान कांग्रेस के बड़े नेता माने जाते हैं। हवामहल विधानसभा से हैं विधायक। चीफ़ व्हिप की ज़िम्मेदारी भी निभा चुके हैं। सीएम गहलोत के क़रीबी माने जाते हैं। विश्वेन्द्र सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। राजघराने से हैं और राजस्थान के बड़े नेता माने जाते हैं। सर्व समाज को एक साथ लाने में इनकी अहम भूमिका मानी जाती है।
नए कैबिनेट मंत्री
हेमा राम चौधरी
सबसे पहले हेमा राम चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली है। हेमा राम चौधरी गुड़ामालानी सीट से विधायक हैं। वो 6 बार विधायक रहे हैं। इनके पास मंत्री से लेकर नेता विपक्ष तक का अनुभव है। हेमा राम जाट समाज से आते हैं। इन्हें सचिन पायलट का क़रीबी माना जाता है।
महेंद्र जीत सिंह मालवीय
महेंद्र जीत सिंह मालवीय ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली है। महेंद्र जीत बागीदौरा सीट से विधायक हैं। इससे पहले भी ये मंत्री रह चुके हैं। महेंद्र जीत अनुसूचित जनजाति से आते हैं। महेंद्र जीत राजस्थान कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी हैं।
रामलाल जाट
रामलाल जाट को अशोक गहलोत मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। रामलाल जाट पहले भी मंत्री रह चुके हैं. रामलाल जाट मंडल सीट से विधायक हैं। ये चौथी बार के विधायक हैं। रामलाल जाट समाज से आते हैं।
महेश जोशी
महेश जोशी ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। जोशी हवामहल विधानसभा सीट से तीन बार के विधायक हैं। ये ब्राह्मण समाज से आते हैं। महेश जोशी कांग्रेस के मुख्य सचेतक हैं। ये राजस्थान कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष रह चुके हैं।
विश्वेन्द्र सिंह
विश्वेन्द्र सिंह ने भी गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। विश्वेन्द्र सिंह डीग-कुम्हेर सीट से विधायक हैं। कांग्रेस से पहले विश्वेन्द्र सिंह बीजेपी में थे। इसके अलावा विश्वेन्द्र सिंह भरतपुर लोकसभा सीट से पूर्व सांसद भी हैं। पिछली दो बार से डीग-कुम्हेर सीट से विधायक हैं।
रमेशचंद्र मीणा
रमेशचंद्र मीणा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। ये सपोटरा सीट से विधायक हैं, मीणा समाज से आते हैं। पिछले दो बार के विधायक हैं। ये करौली ज़िले से आते हैं। माना जाता है कि रमेशचंद्र मीणा सचिन पायलट के क़रीबी हैं। 2008 में बसपा से जीते, फिर कांग्रेस की सरकार बनने के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में मंत्री बने। पायलट खेमे के बग़ावत के बाद मंत्री पद से बर्खास्त किया गया था।
ममता भूपेश बैरवा
ममता भूपेश बैरवा ने को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। राज्यमंत्री ममता भूपेश को प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। ये सिकराय सीट से विधायक हैं। ममता भूपेश बैरवा अनुसूचित समाज से आती हैं। इससे भी गहलोत सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। ये झुंझुनू ज़िले से आती हैं।
भजन लाल जाटव
भजन लाल जाटव वैर सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। ये अनुसूचित जाति से आते हैं। पहले कृषि राज्य मंत्री के पद पर काम कर रहे भजन लाल जाटव को फिर से मंत्रिमंडल में जगह मिली है। राज्यमंत्री से अब कैबिनेट मंत्री के तौर पर प्रमोट किया गया है। ये भरतपुर ज़िले से आते हैं
टीकाराम जूली
राजस्थान के अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आने वाले टीकाराम जूली राज्यमंत्री के तौर पर मंत्रिमंडल में जगह बनाए हुए थे। अब कैबिनेट विस्तार में उन्हें प्रमोट किया गया है। जूली के पास पहले श्रम विभाग की ज़िम्मेदारी थी। ये अलवर ग्रामीण सीट से विधायक हैं।
गोविंद राम मेघवाल
मास्टर भंवर लाल मेघवाल के निधन के बाद कैबिनेट में कोई दलित मंत्री नहीं है। ऐसे में गोविंद राम मेघवाल, महेंद्र जीत सिंह मालवीय और ममता भूपेश को कैबिनेट में शामिल किया गया है। गोविंद राम मेघवाल खाजूवाला सीट से विधायक हैं। ये पहले बीजेपी का हिस्सा भी रह चुके हैं। दूसरी बार के विधायक हैं।
शकुंतला रावत
अलवर के बानसूर सीट से आने वाली शकुंतला रावत भी मंत्रिमंडल में शामिल हुई हैं। दो बार बानसूर सीट से जीतने वाली शकुंतला पार्टी के भरोसेमंदों में से एक हैं। शकुंतला राजस्थान महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके अलावा ये राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की पूर्व सचिव भी हैं।
निर्दलीय को जगह नहीं
गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में 13 निर्दलीय विधायकों में से एक को भी जगह नहीं मिली है। पिछले साल सियासी संकट के समय निर्दलीय विधायकों ने सरकार को बचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उसके बाद ही हाल ही में सीएम अशोक गहलोत ने एक कार्यक्रम में कहा था कि वे निर्दलियों विधायकों के सहयोग को कभी नहीं भूल सकते लेकिन अब मंत्रिमंडल में निर्दलीय विधायकों को जगह नहीं मिलने से उनमें मायूसी छायी हुई है। उनकी नाराज़गी की ख़बरें भी सामने आ रही हैं।
कुछ नेता नाराज़
कुछ नेता शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हुए। साफिया जुबेर और जौहरी लाल मीणा ने शपथ ग्रहण का बहिष्कार कर दिया है। साफिया रामगढ़ अलवर से और जौहरी लाल मीणा राजगढ़ अलवर से विधायक हैं। साफिया का कहना है कि महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा। वहीं जौहरी लाल मीणा ने केबिनेट में टीकाराम जूली को प्रमोट किए जाने का विरोध किया है। उधर सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि जो लोग कैबिनेट में शामिल नहीं हो रहे हैं, उनका गवर्नेंस में कैबिनेट में शामिल होने वाले नेताओं से कम योगदान नहीं है। उन्हें एडजस्ट किया जाएगा।
पार्टी जो भूमिका देगी निभाऊंगा – पायलट
इधर, सचिन पायलट (Sachin Pilot) ने कहा है कि पार्टी उन्हें जो भी भूमिका देगी उसे वो निभाएंगे। उन्होंने 2023 में कांग्रेस की दोबारा सरकार बनने का दावा भी किया है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में एससी, एसटी और महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिला है। महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा है। यह भी अच्छे संकेत हैं। कांग्रेस में कोई गुट नहीं है। केवल सोनिया गांधी, राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के नेतृत्व में सब काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्दलीय और सहयोग कर रहे दलों को साथ आगे लेकर जाएंगे।