The News Air: पंजाब में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए चुनाव 10 जून को होंगे। यह सीटें कांग्रेस की अंबिका सोनी और अकाली दल के बलविंदर सिंह भूंदड़ का कार्यकाल ख़त्म होने से ख़ाली हो रही हैं। दोनों का कार्यकाल 4 जुलाई को ख़त्म हो रहा है।
इन चुनावों के लिए 24 से 31 मई तक नामांकन होंगे। 1 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उसके बाद ज़रूरत पड़ी तो 10 जून को वोटिंग होगी। हालांकि जिस तरह से आम आदमी पार्टी को पंजाब में 117 में से 92 सीटें मिली हैं तो दोनों सीटें उनके ही खाते में जाएंगी। इससे पहले भी 5 सीटें आम आदमी पार्टी के खाते में गई थी।
पहली 5 सीटें भी आप के खाते गई
इससे पहले पंजाब में राज्यसभा की 5 सीटें भी आम आदमी पार्टी के खाते गई। इनमें राघव चड्ढा, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, संदीप पाठक, संजीव अरोड़ा और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के अशोक मित्तल को आप ने राज्यसभा भेजा।
कौन होंगे 2 नए सदस्य?, पिछली बार हुआ था बवाल
आम आदमी पार्टी राज्यसभा में अब किन 2 सदस्यों को भेजेगी, इसको लेकर सबकी निगाहें लगी हुई हैं। पिछली बार भेजे 5 सदस्यों को लेकर ख़ूब बवाल हुआ। राघव चड्ढा और डॉ. संदीप पाठक को पंजाब से भेजने को लेकर विरोधियों ने सवाल उठाए। वहीं संजीव अरोड़ा को लेकर भी चर्चा हुई कि पहले वह किसी दूसरी पार्टी के क़रीबी थे। हालांकि आम आदमी पार्टी ने विरोध की कोई परवाह नहीं की और यह पांचों निर्विरोध निर्वाचित होकर राज्यसभा पहुंच गए।
जानिए कैसे होगा पंजाब में राज्यसभा सदस्य का चुनाव
राज्यसभा सदस्य के चुनाव के लिए सिर्फ़ विधायक ही वोट देंगे। इसके लिए विधायकों की कुल संख्या को राज्यसभा की ख़ाली सीटों में 1 जोड़कर विभाजित किया जाता है। उसके बाद जो आंकड़ा आए, उसमें एक जोड़ दिया जाता है। जिसे उतने विधायकों का समर्थन मिलेगा, वह सदस्य बन जाएंगे।
पंजाब के लिहाज़ से देखें तो पहले 2 सीटों के लिए चुनाव होना है। ऐसे में विधायकों की 117 की संख्या को 2 सीटों में 1 जोड़कर यानी 3 से विभाजित करेंगे। जिसके बाद 39 का आंकड़ा आएगा और उसमें 1 जोड़ने के बाद 40 हो जाएंगे। इस लिहाज़ से एक सदस्य के लिए 40 विधायकों का समर्थन ज़रूरी है। ऐसे में यह दोनों सदस्य आम आदमी पार्टी के ही चुने जाएंगे।