The News Air- चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा में घमासान मचा हुआ है। भाजपा के पंजाब चुनाव इंचार्ज केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कहा कि पार्षदों के फ़ोन टैपिंग और कैमरे से साफ़ है कि AAP को अंदरुनी फूट से ख़तरा है।
शेखावत ने यह बात AAP के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा के उनके पार्षदों को ख़रीदने के लिए 50 से 75 लाख के ऑफर के जवाब में कही। चड्ढा ने शेखावत पर पार्षदों की हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप लगाया था। इसी बीच आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी गुरुवार यानी 30 दिसंबर को चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं।
मुझ पर आरोप लगा पंजाब में चर्चा पाना चाहती है AAP
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कहा कि ‘ख़ास’ आदमी पार्टी का इतिहास बिना सबूत के आरोप लगाने का है। विवादों से बनी पार्टी विवाद की ही सियासत करती है। राघव चड्ढा निराधार और बचकाने तथ्य गढ़ रहे हैं। अपने ही पार्षदों के फ़ोन टैप करना और उनके घर कैमरे लगवाकर वह साबित कर रहे कि उन्हें बाहर से नहीं बल्कि अंदर की फूट का ख़तरा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुझ पर या मेरे कार्यालय पर आरोप लगाकर आप पंजाब में चर्चा पाना चाहती है। मुझे केजरीवाल से सहानुभूति है। लेकिन हमें कभी आप की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।
चड्ढा ने कहा था- चंडीगढ़ में ‘ऑपरेशन कमल’ चलाया जा रहा
आप सह प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि उनके 3 पार्षदों को भाजपा ने अपने साथ आने को कहा। इसके बदले में 2 पार्षदों को 50-50 लाख और एक को 75 लाख का ऑफर दिया गया। अब वह सभी पार्षदों के फ़ोन पर कॉल रिकॉर्डिंग ऑन कर रहे हैं और उनके घर के बाहर भी सीक्रेट कैमरे लगवा रहे हैं। जिसके बाद वह भाजपा का पर्दाफाश करेंगे।
चंडीगढ़ निगम में जोड़ तोड़ के हालात
चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों के चुनाव में किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। पहली बार चुनाव लड़ी आप 14 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी। सत्ता में रही भाजपा को 12 सीटें मिली, जबकि कांग्रेस 8 पर ही सीमित होकर रह गई। चंडीगढ़ निगम में मेयर के बहुमत के लिए 19 सीटों की ज़रूरत है। अब आप सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते मेयर बनाने का दावा कर रही है। वहीं भाजपा कह रही कि उनके पास 12 पार्षद और एक सांसद समेत 13 वोट हैं तो मेयर उनका बनेगा। इसी वजह से आप और भाजपा में पर्याप्त बहुमत जुटाने के लिए जोड़तोड़ चल रहा है।