चंडीगढ़ (The News Air) पंजाब में फर्जी SC प्रमाण पत्र बनाने वालों के खिलाफ SC यूनियन द्वारा मोहाली के फेज-1 में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। यूनियन के प्रधान हरनेक सिंह की अगुआई में बीते 80 दिन से धरना प्रदर्शन जारी है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी आज धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।
राजा वड़िंग ने कहा कि SC यूनियन को ‘चोर पकड़ो’ मुहिम के तहत धरना प्रदर्शन करते हुए 80 दिन बीत गए। लेकिन पंजाब सरकार के कान पर जूं नहीं सरकी। उन्होंने कहा कि यूनियन प्रधान हरनेक सिंह पंजाब सरकार से अपने या बेटे के लिए नौकरियां नहीं मांग रहे। वह उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जिन्होंने जाली सर्टिफिकेट लेकर आरक्षण लाभ हासिल किया है।
जाली सर्टिफिकेट बनाने वालों से रिकवरी की मांग
राजा वड़िंग ने कहा कि असली हकदार रोजी-रोटी के लिए सड़क पर धक्के खा रहा है। यूनियन द्वारा समाज और SC वर्ग के असल हकदारों के लिए धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सच की लड़ाई लड़ने की बात कहती है, पंजाब के खजाने को बचाने की बात कहती है। ऐसे में उन्होंने जाली SC सर्टिफिकेट बनाकर नौकरियां हासिल करने वालों को बाहर कर उनसे रिकवरी की मांग की। साथ ही असल हकदारों को नौकरी देने की मांग भी की।
सोशल मीडिया पर वाह-वाह से बात नहीं बनेगी
राजा वड़िंग ने CM भगवंत मान से कहा कि अकेले सोशल मीडिया पर वाह-वाह हासिल करने से बात नहीं बनेगी। कहा कि उन्हें पंजाब के असल मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। आम लोग उनसे इंसाफ मांग रहे हैं। वड़िंग ने कहा कि भगवंत मान आम लोगों की सुनवाई करने की बात कह कर CM बने हैं, क्योंकि वह स्वयं भी आम घर से संबंध रखते हैं। लेकिन पंजाब सरकार को कोई नुमाइंदा 80 दिन से यूनियन से बातचीत कर उनकी परेशानी पूछने तक नहीं आया।
वड़िंग ने कहा कि पंजाब कांग्रेस यूनियन का समर्थन करती है। कहा कि आगामी समय में यूनियन से पूछकर जिस प्रकार के संघर्ष की जरूरत महसूस हुई, वह किया जाएगा।
पटियाला धरना प्रदर्शन में शामिल वड़िंग
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग कुछ ही देर बाद पटियाला रूरल के DCC आफिस के पास जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा किए जा रहे धरना प्रदर्शन में शामिल होंगे। भाजपा के खिलाफ लोकतंत्र की हत्या के नारे के साथ किए जा रहे इस प्रदर्शन में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा PM नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका जाएगा।






