The News Air: पंजाब के CM भगवंत मान की ब्रिटिश सांसद तनमनजीत सिंह ढ़़ेसी से मुलाकात पर सियासी बवाल शुरू हो गया है। भाजपा नेता पूर्व सेना प्रमुख जनरल जेजे सिंह ने इस पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि ढेसी का स्टैंड हमेशा एंटी इंडिया रहा है। वह अलगाववादियों के समर्थक रहे हैं। ऐसे में सीएम भगवंत मान ने उनसे क्यों मुलाकात की? और उसमें क्या बातचीत हुई, इसका ब्यौरा सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
इस पर पलटवार करते हुए आप प्रवक्ता नील गर्ग ने पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, भाजपा के केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, सोम प्रकाश और पूर्व मंत्री विजय सांपला की ढेसी के साथ तस्वीरें जारी कर दी। उन्होंने कहा कि भाजपा का दोगला चेहरा सामने आ गया है। अगर सीएम मान ढेसी को मिलें तो गलत और भाजपा के केंद्रीय मंत्री मिलें तो वह ठीक हो जाता है।
जेजे सिंह बोले- मान बताएं, क्या आप ढेसी के स्टैंड से सहमत
पूर्व सेना प्रमुख जेजे सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले CM बने भगवंत मान ने ढेसी का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। ढेसी का स्टैंड हमेशा एंटी इंडिया रहा है। यह सही है कि पंजाब सरकार को NRI के लिए काम करना चाहिए। केंद्र सरकार ने भी कई कदम उठाए हैं। मगर, कश्मीर के मसले पर लेबर पार्टी के MP ढेसी के विचार सब जानते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के फैसले की आलोचना की थी। सीएम को स्पष्ट करना चाहिए क्या आम आदमी पार्टी के ख्याल ढेसी से मिलते हैं। अगर ऐसा है तो यह देश के खिलाफ है।
पूर्व सेना मुखी नहीं भाजपा की बोली बोल रहे जेजे सिंह : AAP
कंग ने कहा कि जेजे सिंह पूर्व सेना मुखी नहीं बल्कि भाजपा प्रवक्ता के तौर पर बोल रहे हैं। उनकी एक ही पॉलिसी है कि जो भाजपा के एजेंडे पर नहीं चलते, वह एंटी नेशनल है। भाजपा देश को तोड़ने और भाईचारे में फर्क करने की बात कहे, वह ठीक है। यह बेबुनियाद के इल्जाम लगाए जा रहे हैं। ढ़ेसी ब्रिटिश सांसद से पहले एक पंजाबी हैं। वह जालंधर से संबंधित हैं और पंजाब को लेकर चिंतित रहते हैं। उनका भी CM को मिलने का अधिकार है।
ग्रेवाल बोले- देश विरोधी स्टैंड के बाद नहीं मिले
इस बारे में भाजपा नेता हरजीत ग्रेवाल ने कहा कि यह मुलाकातें ढेसी से पहले हुई हैं। जब उन्होंने देश विरोधी स्टैंड लिया तो उसके बाद कोई केंद्रीय मंत्री या भाजपा नेता उनसे नहीं मिला। कैप्टन अमरिंदर सिंह भी इस मामले में सख्त रहे हैं। उन्होंने कनाडा के रक्षा मंत्री तक से मुलाकात नहीं की थी।