The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब के CM चरणजीत सिंह चन्नी के भाई डॉ. मनोहर सिंह भी विधानसभा चुनाव 2022 लड़ेंगे। डॉ. मनोहर ने सीनियर मेडिकल अफ़सर पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। वह खरड़ सिविल अस्पताल में तैनात थे। अब वह फतेहगढ़ साहिब के बस्सी पठाना विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं।
डॉ. मनोहर ने लोगों से मिलना भी शुरू कर चुके हैं। उन्होंने बस्सी पठाना में अपना ऑफ़िस भी खोल लिया है। डॉ. मनोहर ने इसकी पुष्टि भी की कि अगर कांग्रेस हाईकमान ने मंजूरी दी तो वह जरुर चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि यह विधानसभा क्षेत्र SC वर्ग के लिए रिज़र्व है।
यहां से अभी भी कांग्रेस के MLA
बस्सी पठाना से इस वक़्त कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह जीपी MLA हैं। वह भी लगातार दूसरी बार टिकट के दावेदार हैं। गुरप्रीत सिंह जीपी का कहना है कि उन्हें भरोसा मिला है कि क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की बदौलत उन्हें दोबारा टिकट मिलेगी। उन्होंने सवाल भी उठाए कि एक ही परिवार में 2 सदस्यों को टिकट कैसे मिल सकती है।
पिछले साल ही शुरू कर दी थी गतिविधियां
डॉ. मनोहर ने पिछले साल ही कोरोना महामारी के दौरान बस्सी पठाना में गतिविधियां शुरू कर दी थीं। नंदपुर कलौर के प्राइमरी हेल्थ सेंटर में तैनाती के वक़्त वह लोगों के बीच ख़ूब फेमस हो रहे थे। इसे देखते हुए वहाँ से मौजूदा कांग्रेसी विधायक गुरप्रीत जीपी ने उनका तबादला करवा दिया था। डॉ. मनोहर एनेस्थीसिया में पोस्ट ग्रेजुएट होने के साथ जर्नलिजम में MA और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से लॉ ग्रेजुएट भी हैं।