The News Air: पंजाब में फरीदकोट ज़िले के बरगाड़ी क़स्बे में सात साल पहले, 2015 में हुए बेअदबी केस में डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम को राहत मिल गई है। 2015 के इस विवादित पोस्टर लगाने और पावन स्वरूप की बेअदबी से जुड़े केसों में राम रहीम को फरीदकोट की सीजेएम कोर्ट ने शुक्रवार को ज़मानत दे दी।
वर्ष 2015 के ही श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप चोरी करने से जुड़ी FIR नंबर 63 वाले केस में राम रहीम पहले ही ज़मानत पर है। इस केस में निचली अदालत में ज़मानती बांड भर चुके राम रहीम ने बाक़ी दोनों केसों में भी ज़मानत के लिए याचिका दाखिल की थी। शुक्रवार को अदालत ने राम रहीम को ज़मानत दे दी।
AAP सरकार में दर्ज़ हुए दोनों केस
इसके अलावा वर्ष 2015 में हुई बेअदबी से ही जुड़े 2 और केस हैं। इनमें से FIR नंबर 117 विवादित पोस्टर लगने और FIR 128 बरगाड़ी की गलियों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन अंग बिखरे मिलने से संबंधित थी। पंजाब में इसी साल आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद इन दोनों मामलों की जांच करने वाली पंजाब पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने राम रहीम को मुख्य आरोपी के तौर पर नामज़द किया।
पंजाब पुलिस की SIT हरियाणा की रोहतक जेल में सज़ा काट रहे डेरा प्रमुख से पूछताछ कर चुकी है। इस SIT के अफ़सरों ने सिरसा में डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय जाकर डेरा प्रबंधन से भी पूछताछ की। राम रहीम डेरे की दो साध्वियों के यौन शोषण मामले और रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में उम्रकैद की सज़ा हो चुकी है। इसके बाद से ही राम रहीम रोहतक जेल में बंद है। दिलचस्प बात यह है कि राम रहीम के डेरे ने इसी साल हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल और भाजपा का समर्थन किया था। इस चुनाव से ठीक पहले राम रहीम को 21 दिन की फरलो दी गई थी।
चुनाव के दौरान ये चर्चा आम थी कि चुनाव में समर्थन के लिए ही राम रहीम को यह फरलो मिली है। हालांकि चुनाव में लोगों ने अकाली दल और भाजपा को बुरी तरह नकार दिया। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने विधानसभा की 117 में से 92 सीटों पर जीत दर्ज़ की। आम आदमी पार्टी के नेता प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर डेरा प्रमुख को सज़ा दिलवाने की बात कहते रहे हैं।
SIT के अनुसार- डेरे में रची गई बेअदबी की साज़िश
पंजाब पुलिस की SIT ने साल 2015 के बेअदबी केस में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में दी गई अपनी रिपोर्ट में कहा था कि बेअदबी की पूरी साज़िश डेरा सच्चा सौदा के सिरसा हेडक्वार्टर में रची गई। IG एसपीएस परमार के नेतृत्व वाली SIT ने हाईकोर्ट में 65 पेज की स्टेट्स रिपोर्ट जमा की। राम रहीम से SIT ने सुनारिया जेल जाकर 114 सवाल पूछे थे। इस दौरान राम रहीम ने बेअदबी से जुड़े हर सवाल से पल्ला झाड़ लिया था।