चंडीगढ़, 16 अक्टूबर (The News Air) मुख्यमंत्री भगवंत मान बुधवार को जालंधर में श्री वाल्मीकि शोभा यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने श्री वाल्मीकि सभा द्वारा आयोजित शोभा यात्रा का रीबन काटकर शुभारंभ भी किया और लोगों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि मुझे इतने इस महान कार्यक्रम में आने का मौका मिला। भगवान वाल्मीकि ने रामायण जैसे अमर ग्रंथ की रचना की और पूरी दुनिया को सामाजिक मर्यादा, मानवता और शांति का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि संस्कृति के पहले कवि थे। उन्हें संस्कृति का पितामह भी कहा जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब की यही खूबसूरती है कि यहां सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर रहते हैं और एकसाथ सभी पर्व – उत्सव मनाते हैं। पंजाब सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा के लिए जाना जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के साथ भगवान वाल्मीकि का बहुत गहरा संबंध है। भगवान राम के दोनों पुत्र लव और कुश की प्राथमिक शिक्षा अमृतसर में मिली, जहां आज रामतीरथ मंदिर है। मैं भी कल इस अवसर पर वहां दर्शन करने जाउंगा।
उन्होंने कहा कि मैं जब भी जालंधर आया हूं, यहां के लोगों से मुझे बहुत प्यार और सम्मान मिला है, चाहे वह लोकसभा का चुनाव – उपचुनाव हो या फिर जालंधर वेस्ट का उपचुनाव। हर बार जालंधर के लोगों ने मुझे अपार ज्यादा प्यार दिया है।
शहर के सीवरेज सिस्टम पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने शहरों में सफाई के लिए विदेश से मशीन मंगवा ली है। अब सफाईकर्मियों को सीवरेज में उतर कर सफाई करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उपचुनाव के समय भी मैं यहां के सफाई सेवकों से मिला था और उनको समाधान का भरोसा दिया था। अब जल्द ही उनकी सभी समस्याओं का समाधान होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे लिए भी इस साल की वाल्मीकि जयंती खास है। मेरा जन्मदिन भी कल ही है। संयोग से इस साल की वाल्मीकि जयंती से मेरा जन्मदिन भी मिल गया। यह मेरे लिए खुशकिस्मती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी विधानसभा उपचुनावों के लिए आचार संहिता लागू होने के कारण मैं कोई घोषणा नहीं कर सकता लेकिन भगवान वाल्मीकि के नाम पर कुछ करने की मेरी हार्दिक इच्छा है। हम जल्द ही सरकार की तरफ से आपकी उम्मीदों को पूरी करेंगे।








