The News Air – (चंडीगढ़) पंजाब कैबिनेट ने शुक्रवार को गवर्नमेंट एडेड कॉलेजों के 1,925 असिस्टेंट प्रोफेसरों को रेगुलर करने पर मुहर लगा दी। पंजाब भवन में शुक्रवार शाम CM चरणजीत चन्नी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में फ़ैसले को मंजूरी दी गई। इसके अलावा जालंधर और नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर) में दो सरकारी डिग्री कॉलेज स्थापित करने को भी मंजूरी दी गई।
इनमें एक डिग्री कॉलेज जालंधर के आदमपुर में बनेगा। इसका नाम कांशीराम गवर्नमेंट कॉलेज रखा जाएगा। 1 जुलाई 2022 से यहां पढ़ाई शुरू हो जाएगी। दूसरा डिग्री कॉलेज नवांशहर के बंगा क्षेत्र के गांव सरहाला रेनुवां में बनेगा। वहीं, पंजाब के स्कूल शिक्षा विभाग में सरकार ने 12,772 भर्तियों का इश्तिहार भी जारी कर दिया है।
3 साल बाद शुरू होगी रेगुलर करने की प्रक्रिया
पंजाब सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सरकार के फ़ैसले से सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में उच्च शिक्षा का स्तर सुधरेगा। इसे चरणबद्ध तरीक़े से सिरे चढ़ाया जाएगा। 3 साल तक यह असिस्टेंट प्रोफेसर 21,600 रुपए की सैलरी पर रहेंगे। इसके बाद उनके काम के आधार पर रेगुलर करने का फ़ैसला लिया जाएगा। इनमें अलग-अलग विषयों के असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल हैं।
दोआबा पर फोक्स से छिड़ी सियासी चर्चा
दोआबा को पंजाब की सियासत में अनुसूचित जाति का गढ़ माना जाता है। आदमपुर और बंगा में भी SC वोट बैंक है। बंगा से CM चरणजीत चन्नी के प्रिंसिपल सेक्रेटरी हुसन लाल के चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं आदमपुर से भी CM चरणजीत चन्नी के चुनाव लड़ने की चर्चा है। हालांकि वह इसे खारिज करते हुए कह चुके हैं कि चमकौर साहिब से ही चुनाव लड़ेंगे। आदमपुर से CM चन्नी के नज़दीकी रिश्तेदार मोहिंदर केपी भी चुनाव लड़ सकते हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग में 12,772 भर्ती का इश्तिहार जारी
राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग में सरकार ने 12,772 भर्तियों का इश्तिहार जारी कर दिया है। इनके साथ अब पंजाब में 20 हज़ार 166 अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। पंजाब के शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जारी किए इश्तिहार में मास्टर काडर की 4185, आर्ट एंड क्रॉफ्ट की 250, लेक्चरर काडर की 343, ETT की 5,994 और प्राइमरी स्कूलों में पीटीआई के 2 हज़ार पद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े 4 वर्षों में राज्य में 14 हज़ार 534 अध्यापकों की भर्ती की जा चुकी है।