The News Air – प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) पर केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। केंद्र ने आतंकी संगठन से जुड़े एप, वेबसाइट और चैनल ब्लॉक कर दिए हैं। इसमें सबसे अहम पंजाब पॉलिटिक्स टीवी नाम का चैनल है। जिसे ब्लॉक करवा दिया गया है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यह कार्रवाई की है। सरकार को इनपुट मिला था कि इस चैनल के ज़रिए ऑनलाइन माध्यम का दुरुपयोग कर पंजाब चुनाव में गड़बड़ी फैलाई जा रही थी।
केंद्रीय इंटेलिजेंस एजेंसियों को मिला था इनपुट
केंद्र के मुताबिक़ पंजाब पॉलिटिक्स टीवी के SFJ से क़रीबी संबंध हैं। केंद्रीय इंटेलिजेंस एजेंसियों को इनपुट मिला था कि इस चैनल के ज़रिए पंजाब में चल रहे विधानसभा चुनावों में गड़बड़ी की कोशिश की जा रही थी। विदेश से चलने वाला यह चैनल ऑनलाइन माध्यम से गड़बड़ी फैला रहा था। पंजाब में 20 फरवरी को मतदान हुआ लेकिन केंद्र ने इस चैनल को 18 फरवरी को ब्लॉक कर दिया था। केंद्र ने इसके लिए IT नियमों के तहत मिले इमरजेंसी अधिकारों का हवाला दिया।
क्या है सिख फॉर जस्टिस?
सिख फॉर जस्टिस खालिस्तानी संगठन है, जिसका हेडक्वार्टर US में है। काफ़ी समय पहले भारत सरकार इस संगठन को ग़ैरक़ानूनी क़रार दे चुकी है। संगठन के मेंबर भारतीय जांच एजेंसी के रडार पर हैं। संगठन का मुखी गुरपतवंत सिंह पन्नू भारत में नेताओं को धमकाने के साथ लाल क़िला पर तिरंगा लगाने जैसी कई घोषणाओं को लेकर विवादों में रह चुका है। इसके अलावा पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा चूक के मामले को भी पन्नू ने खालिस्तान से जोड़ लिया था।