The News Air – (चंडीगढ़) पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली दौरे पर हैं। यहां उनकी मुलाक़ात भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत से होगी। इसके बाद वह BJP के राष्ट्रीय प्रधान जेपी नड्डा से मिलेंगे। इन नेताओं के बीच पंजाब में सीट शेयरिंग पर चर्चा होगी, जिसके बाद कैप्टन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मिलेंगे।
कैप्टन अमरिंदर सिंह इस बार पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बनाकर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के CM पद से हटाने के बाद उनके सियासी वज़ूद के लिए पंजाब चुनाव बहुत अहम हैं। वहीं भाजपा भी इस बार अकाली दल से अलग होकर चुनाव लड़ रही है।
ज़्यादा सीटों पर लड़ेगी भाजपा
पंजाब में 117 सीटों पर चुनाव होने हैं, जिनमें 83 जनरल और 34 सीटें SC के लिए रिज़र्व हैं। भाजपा इस बार ज़्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि यह सीटें कितनी होंगी, इसको लेकर अमरिंदर और भाजपा लीडरशिप में चर्चा होनी बाक़ी है। फिर भी भाजपा क़रीब 70 सीटों पर चुनाव लड़ने के बारे में सोच रही है। कैप्टन और भाजपा के साथ शिरोमणि अकाली दल संयुक्त गठजोड़ भी करेगा।
कैप्टन की सियासी मज़बूती टटोल रही भाजपा
कैप्टन साढ़े 9 साल के लिए दो बार पंजाब के सीएम रह चुके हैं, लेकिन तब वह कांग्रेस में थे। ऐसे में उनकी पंजाब की सियासी ज़मीन पर कितनी पकड़ है, इसे भी भाजपा टटोल रही है। कैप्टन ने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बनाकर उसका ऑफ़िस भी खोल लिया, लेकिन उनके साथ कोई दिग्गज कांग्रेसी नेता नज़र नहीं आया है। ऐसे में भाजपा कैप्टन से यह भी जानना चाहती है कि उनके साथ कांग्रेस के कौन-कौन से बड़े नेता आने वाले हैं।