The News Air – (चंडीगढ़) पंजाब के बठिंडा में किसानों ने कृषि क़ानूनों पर अपनी जीत के जश्न में अभिनेत्री कंगना रणौत को भी शामिल कर लिया है। गांव कोटसमीर में किसानों ने बॉलीवुड अदाकारा कंगना रणौत के पुतले का गांव गहरी भागी के किसान महिंदर सिंह के साथ विवाह कर दिया। विवाह पूरे रीति रिवाज के साथ हुआ। कंगना के पुतले को दुल्हन की तरह सजाया गया और उसका हार सिंगार किया।
गांव गहरी भागी के किसान महिंदर सिंह बारात लेकर गांव कोटसमीर पहुंचे। कंगना रणौत के पुतले और किसान महिंदर सिंह की शादी करवा दी गई। माहौल पूरी शादी जैसा था। इस अनोखी शादी में जहां गांव की महिलाओं ने बोलियां डालते हुए शादी के गीत गाए, वहीं किसानों और गांव के लोगों ने ढोल की थाप पर भांगड़ा व महिलाओं ने गिद्दा डाला।
भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धुपुर के नेताओं ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान कंगना रणौत ने किसानों को आतंकवादी कहा था। जिसके बदले किसान यूनियन ने कंगना रणौत को चैलेंज किया था कि वो उसे सबक़ सिखाकर ही दिखाएंगे।
किसान यूनियन नेताओं ने कहा कि किसानों को आतंकवादी कहने वाली कंगना को अब पता चलेगा,गांव में किसान कैसे रहते हैं। इससे अब गांव में खेतों में काम करवाएंगे। इससे तब पता चलेगा किसान कैसे अपना जीवन व्यतीत करते हैं। दूल्हा बने किसान महिंदर सिंह ने कहा कि कंगना किसानों के बारे में काफ़ी कुछ उलट-पुलट बोलती थी। अब उसे शादी करके लेकर आए हैं और उसे रोटियां बनाएंगे, खेतों में काम करवाएंगे।